विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रात का अंधेरा, 3 घंटे की मुठभेड़ और 4 नक्सली ढेर: बिहार के जांबाज इंस्पेक्टर अफसर हुसैन को मिलेगा गैलंट्री मेडल

Updated: Fri, 14 Aug 2026 06:21 PM (IST)

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बिहार पुलिस के 18 जवानों को पदक मिले, जिनमें इंस्पेक्टर मोहम्मद अफसर हुसैन को वीरता पदक से सम्मानित किया गया है।

बिहार के जांबाज इंस्पेक्टर अफसर हुसैन को मिलेगा गैलंट्री मेडल

बिहार के जांबाज इंस्पेक्टर अफसर हुसैन को मिलेगा गैलंट्री मेडल

HighLights

  1. इंस्पेक्टर मोहम्मद अफसर हुसैन को वीरता पदक से नवाजा गया।

  2. बगहा में नक्सलियों से मुठभेड़ में अदम्य साहस दिखाया।

  3. सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया, कैंप तबाह।

जागरण संवाददाता, पटना। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा घोषित पुलिस पदकों में बिहार पुलिस के 18 अधिकारियों व जवानों को सम्मान के लिए चुना गया है। इनमें पटना के बेउर थाने के इंस्पेक्टर मोहम्मद अफसर हुसैन को उनकी अदम्य वीरता के लिए गैलंट्री मेडल से नवाजा गया है।

वह 2009 बैच के हैं और 2019 में इंस्पेक्टर बने थे। यह सम्मान उन्हें 10 जुलाई 2020 की उस खतरनाक रात को अंजाम दिए गए ऐतिहासिक ऑपरेशन के लिए मिला है, जब बगहा जिला के लौकरिया स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में नक्सलियों से एसटीएफ, एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम की भीषण मुठभेड़ हुई थी।

वह दुर्गम इलाका नक्सलियों का गढ़ था, जहां पहुंचने के लिए सुरक्षाबलों को कई घने जंगल में नदी को भी पार करना पड़ा था। हालात यह थे कि मात्र एक किलोमीटर की दूरी तय करने में चार घंटे का वक्त लग गया था।

रात के अंधेरे में ट्रैक्टर और एसएसबी के ट्रकों पर सवार होकर पहुंचे सुरक्षाबलों में एसटीएफ दल का नेतृत्व अभियान दल प्रभारी के रूप में इंस्पेक्टर मोहम्मद अफसर हुसैन खुद कर रहे थे। करीब तीन घंटे तक जंगल में गोलियों गूंज रही थी। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को ढेर कर दिया था।

इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए थे। इस साहसिक ऑपरेशन में पुलिस ने नक्सलियों के पूरे कैंप को तबाह कर दिया था।

उनके पास से पुलिस से लूटे गए पांच आधुनिक हथियार (एक एके-47, तीन एसएलआर और एक राइफल), 850 गोलियां, 82 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 5-6 आईईडी, नक्सली वर्दी, नक्सली साहित्य आदि बरामद किए गए थे।

इससे पूर्व एसटीएफ पटना, नालंदा, बगहा और सीमावर्ती जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके 2009 बैच के अफसर हुसैन के इस अदम्य साहस और सूझबूझ ने एक बार फिर बिहार पुलिस का मान बढ़ा दिया है।

इस मामले में पुलिस वीरता पदक अनुशंसित पुलिस के चार में तीन पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस वीरता पदक से गणतंत्र दिवस 2024 के अवसर पर अलंकृत किया गया था।