विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सर्जिकल स्ट्राइक पर गर्व से फूला सोशल मीडिया, लोगों ने कहा- थैंक्यू आर्मी

By Amit AlokEdited By:
Updated: Fri, 30 Sep 2016 11:06 PM (IST)

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में बने आतंकी ठिकानेां पर सफल सैन्य कार्रवाई के लिए भारतवासी सेना के साथ खड़े हैं। लोगों की प्रतिक्रियाओं से सोशल मीडिया भर गया है। आइए देखें...

News Article Hero Image

पटना [वेब डेस्क]। भारत में घुसपैठ के लिए तैयार पाक आतंकियों पर भारतीय सेना ने उनकी मांद में घुसकर मारा। कश्मीर के उड़ी में हुए आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ सख्त जवाबी कार्रवाई की उठ रही मांग को भारतीय सेना ने साकार कर दिया। सीमा पार सेना ने शौर्य दिखाया तो देश की जनता भी सोशल मीडिया उसे थैंक्स बोलने में पीछे नहीं रही। सोशल मीडिया पर भारतीय सेना के जयकारे लगाए जा रहे हैं।

देश के आहत स्वाभिमान को लगा मरहम

पूर्व आइपीएस अधिकारी व सोशल मीडिया पर एक्टिव ध्रुव गुप्त ने फेसबुक पर लिखा है, ''कारगिल युद्ध के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा से आज पहली बार कोई अच्छी खबर आई है। ...पाक यह तो नहीं मानेगा कि उसके यहां आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप भी थे या वहां कोई आतंकी मारा भी गया है, लेकिन पाक मीडिया भारत के इस सर्जिकल हमले में अपने दो फौजियों के मारे जाने की बात कह रहा है।''

ध्रुव गुप्त आगे लिखते हैं, ''...युद्ध कोई नहीं चाहता, लेकिन हम सबकी इच्छा थी कि भारत दुनिया में कूटनीतिक तौर पर पाक को अलग-थलग करने के अलावा सीमित सर्जिकल आपरेशन चलाकर पाकिस्तान को कड़ा संदेश जरूर दे। आज देश के लगातार आहत होते स्वाभिमान पर थोड़ा-सा मरहम ज़रूर लगा है।''

आइपीएस अधिकारी विकास वैभव का एक फेसबुक पोस्ट भी गौर करने लायक है। उन्होंने कविता के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। देखिए...

''हम मेघ हमें जीवन प्यारा पर बरसा आग भी सकते हैं

रस गीत न तुझको भाता हो तो प्रलयराग गा सकते हैं।''

अब पता चला, किसे कहते हैं सर्जिकल स्ट्राइक

अरुण ठाकुर ने लिखा है कि भारतीय सेना ने दिखा दिया कि उसे घर में घुसकर भी मारने आता है। ''56 इंच के सीना ने दिल खुश कर दिया।'' बृजेश कुमार ने भारतीय सेना को सलाम भेजा है। उन्होंने लिखा है कि ''ये हुई न बात।'' ओमप्रकाश भुवन ने अपने पोस्ट में लिखा है, ''अब पता चला दीपावली के लगभग एक महीने पहले दुश्मन के घर में बम फोडऩे को अंग्रेजी में सर्जिकल स्ट्राइक कहते हैं।

फेसबुक पर संजीव पांडेय लिखते हैं, ''अभी तो ये अंगड़ाई है, आगे इस पार से उस पार तक घुसकर चौकस धुनाई है।'' आफताब रहमान ने भारतीय सेना को उसके शौर्य के लिए बधाई दी है। मोनिका अरोड़ा ने ट्वीट किया है, ''पीओके में आतंकी शिविरों पर भारतीय सेना के हमले के लिए आज भारतीयों को एक साथ दीपावली व ईद मनाने दें।''

दूर दूर देश से मातृभूमि पर नजर

दूर लंदन (यूके) से शिखा वार्ष्णेय ने फेसबुक पर अपनी भावनाएं एक कविता के माध्यम से उकेरी हैं। कहती हैं...

''सर उठा रहा भुजंग है

क्रोध, रोष, दंभ है

बेबस है लाल भूमि के

शत्रु हो रहा दबंग है।

फलफूल रहा आतंक है

और सो रहा मनुष्य है

अपनी ही माँ की छाती पर

वो उड़ेल रहा रक्त है।

जिन चक्षु में था नेह भरा

वो पीड़ा से आज बंद हैं

मां कहे मुझे नहीं देखना

मेरी कोख पर लगा कलंक है।

नादान मासूम बच्चों को

कौन कर रहा यूं भ्रष्ट है

चीत्कार उठी भारत माता

बस बहुत हुआ ...ये अनर्थ है।

पर न झुकेंगे हम,

न डरेंगे हम

जब तक है सांस लडेंगे हम

सपूत धरा के आये हैं

करने नष्ट शत्रु का ये दंभ।''

सात समंदर पास सिडनी (आस्ट्रेलिया) मेें रहकर भी रहकर भी मातृभूमि पर नजर रखे प्रशांत कुमार फेसबुक पर लिखते हैं, ''भारतीय अखबारों की सुर्खियां "surgical Strike" के बारे में पढ़ रहा हूं। सही समय पर लिया गया सही कदम। देश के नेतृत्व और भारतीय सेना को बधाईयां। आशा है भविष्य में भी ऐसे कदम उठाने से नहीं हिचकेगा देश।''

जानिए, क्या है सर्जिकल स्ट्राइक

किसी भी सीमित क्षेत्र में सेना जब दुश्मनों और आतंकियों को नुकसान पहुंचाने और उन्हें मार गिराने के लिए सैन्य कार्रवाई करती है तो उसे सर्जिकल स्ट्राइक कहते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक के पहले वहां के बारे में पुख्ता जानकारी जुटाई जाती है। इस अभियान को बेहद गोपनीय रखा जाता है। इसका खास ध्यान रखा जाता है कि इस अभियान में नागरिकों को नुकसान नहीं पहुंचे।