'रानी के पेट से नहीं निकलता है PM', राहुल गांधी पर गिरिराज सिंह का तंज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर वंशवादी राजनीति की मानसिकता से बाहर न निकलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनता के जनादेश ...और पढ़ें
HighLights
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना।
वंशवादी राजनीति की मानसिकता पर उठाए सवाल।
प्रधानमंत्री मोदी की सफलता स्वीकारने को कहा।
डिजिटल डेस्क, पटना। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब भी वंशवादी राजनीति की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए हैं। लोकतंत्र में प्रधानमंत्री किसी राजघराने से नहीं, बल्कि जनता के जनादेश से बनता है।
मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की सबसे बड़ी समस्या यह है कि उन्हें अब भी लगता है कि केवल नेहरू-गांधी परिवार का व्यक्ति ही देश का प्रधानमंत्री बन सकता है।
उन्होंने कहा कि यही सोच उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लगातार चुनावी सफलता स्वीकार करने से रोकती है। उनके दिमाग में ही यह बैठ गया है।
चाय बेचने वाला आज तीसरी बार प्रधानमंत्री है
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी इस बात से परेशान हैं कि एक साधारण परिवार से आने वाला, कभी चाय बेचने वाला और अतिपिछड़े समाज का व्यक्ति लगातार तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बना है।
उन्होंने कहा, राहुल गांधी को समझना चाहिए कि यह राजतंत्र नहीं, लोकतंत्र है। यहां प्रधानमंत्री रानी के पेट से नहीं, जनता के पेट से निकलता है। जनता जिसे अपना आशीर्वाद देती है, वही देश का नेतृत्व करता है।
मोदी का सम्मान, भारत का सम्मान
गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक छवि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान बढ़ा है और यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे भारत का सम्मान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री मोदी की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा से भी परेशानी होती है, जबकि उन्हें देश की उपलब्धियों पर गर्व होना चाहिए।
संजय सरावगी ने भी साधा था निशाना
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी राहुल गांधी के पेपर लीक संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
सरावगी ने तंज कसते हुए कहा था कि राहुल गांधी को पेपर लीक की काफी जानकारी है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, शायद उन्होंने इस विषय पर काफी अध्ययन किया है या फिर उनके लोग इसमें संलिप्त रहे होंगे।
यह भी पढ़ें- 'राहुल गांधी को इतनी जानकारी कहां से आई?' पेपर लीक वाले बयान पर BJP का तीखा सवाल