दीपावली-छठ पर हवाई किराया आसमान पर, दिल्ली से बिहार के लिए टिकट हुए महंगे
त्योहारों के मौसम में घर लौटने की चाहत रखने वाले यात्रियों को हवाई यात्रा के लिए सामान्य से डेढ़ से दो गुना अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है।

दीपावली-छठ पर हवाई किराया आसमान पर, दिल्ली से बिहार के लिए टिकट हुए महंगे
HighLights
त्योहारों में हवाई किराया सामान्य से डेढ़-दो गुना तक बढ़ा।
दिल्ली से पटना, दरभंगा, रांची के लिए टिकट हुए महंगे।
छठ के दौरान बिहार वापसी के लिए हवाई टिकट और बढ़ेंगे।
जागरण संवाददाता, पटना। त्योहारों के मौसम में घर लौटने की चाहत यात्रियों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट का संकट बढ़ने के साथ अब हवाई किराये में भी तेजी देखी जा रही है।
दीपावली और छठ के आसपास दिल्ली से बिहार समेत कई प्रमुख शहरों के लिए विमान किराये में सामान्य दिनों की तुलना में डेढ़ से दो गुना तक बढ़ोतरी हो गई है। मांग बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में किराये में और इजाफा होने की संभावना है।
दिल्ली-पटना उड़ान का किराया नौ हजार के पार
दिल्ली से पटना आने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान अधिक राशि खर्च करनी पड़ सकती है। पांच नवंबर को इस रूट पर हवाई टिकट करीब 8391 रुपये में उपलब्ध है। छह नवंबर को किराया बढ़कर करीब 9231 रुपये और सात नवंबर को 9546 रुपये तक पहुंच गया है।
सामान्य दिनों में दिल्ली-पटना हवाई सफर का किराया करीब 5500 रुपये के आसपास बताया जाता है। यानी त्योहार के दिनों में यात्रियों को सामान्य किराये से काफी अधिक भुगतान करना पड़ रहा है।
दरभंगा में 13 हजार, रांची का किराया भी बढ़ा
दिल्ली से दरभंगा जाने वाली उड़ानों पर भी त्योहार का असर दिख रहा है। सामान्य दिनों में करीब 5700 रुपये रहने वाला किराया पांच नवंबर को 6268 रुपये, छह नवंबर को 7318 रुपये और सात नवंबर को करीब 13601 रुपये तक पहुंच गया है।
इसी तरह दिल्ली-रांची रूट पर सामान्य किराया करीब 6000 रुपये है, जो पांच नवंबर को 10619 रुपये और छह नवंबर को 9983 रुपये तक पहुंच गया। सात नवंबर को यह करीब 6771 रुपये रहा।
छठ के दौरान बिहार लौटने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ती है। ऐसे में पटना और दरभंगा के साथ गया समेत अन्य शहरों के लिए भी हवाई टिकट महंगे होने की संभावना है।
