Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीमांचल एक्सप्रेस के चालक की वजह से टला बड़ा हादसा; पटना में ट्रैक पर फंसी कार देखकर लगाई ब्रेक

    Updated: Sun, 12 Apr 2026 10:24 AM (IST)

    दानापुर-पाटलिपुत्र रेलखंड पर रूपसपुर नहर के पास एक इनोवा कार रेलवे ट्रैक पर फंस गई। सीमांचल एक्सप्रेस के चालक की सतर्कता से समय रहते ट्रेन रोक दी गई, ...और पढ़ें

    रेलवे ट्रैक पर फंसी कार। जागरण

    रेलवे ट्रैक पर फंसी कार। जागरण

    HighLights

    1. दानापुर ट्रैक पर फंसी इनोवा कार।

    2. सीमांचल एक्सप्रेस चालक ने रोका बड़ा हादसा।

    3. यात्रियों व स्थानीय लोगों ने हटाई कार।

    संवाद सहयोगी, दानापुर (पटना)। दानापुर–पाटलिपुत्र रेलखंड पर शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया।

    रूपसपुर नहर के पास रेलवे ट्रैक पर एक कार फंस गई थी, लेकिन सीमांचल एक्सप्रेस के चालक की सतर्कता से समय रहते ट्रेन रोक दी गई।

    ट्रैक पार करते समय फंसी इनोवा

    घटना रात करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक इनोवा कार रूपसपुर नहर के पास ट्रैक पार कर रही थी।

    इसी क्रम में संकरी पुलिया पर गाड़ी असंतुलित होकर ट्रैक पर ही फंस गई। चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन वाहन को हटा नहीं सका।

    Car 1

    (ट्रेन रुकने के बाद कार निकालने का हो रहा प्रयास।)

    सामने आती ट्रेन देख मची अफरातफरी

    इसी दौरान दानापुर की ओर से सीमांचल एक्सप्रेस तेजी से आ रही थी। ट्रेन को करीब आते देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग कार छोड़कर सुरक्षित दूरी पर हट गए।

    चालक की सूझबूझ से टला हादसा

    ट्रैक पर फंसी कार को देखकर ट्रेन चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दी, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया। चालक की इस सतर्कता से यात्रियों ने राहत की सांस ली।

    युवकों ने मिलकर हटाई कार, आधे घंटे तक रुकी ट्रेन

    ट्रेन रुकने के बाद भी कार को हटाने में दिक्कत आई। इसके बाद ट्रेन से उतरे कुछ युवकों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मशक्कत कर कार को ट्रैक से हटाया।

    इस पूरी प्रक्रिया में करीब आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही, जिसके बाद उसे पाटलिपुत्र के लिए रवाना किया गया।

    शॉर्टकट बना खतरा 

    बताया जाता है कि रूपसपुर नहर की पुलिया सिर्फ पैदल और दोपहिया वाहनों के लिए बनी है, लेकिन लोग शॉर्टकट के चक्कर में चारपहिया वाहन ले जाते हैं।

    इसी लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी, हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

    खबरें और भी