Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन ठीक तो झारखंड में क्यों सवाल? JPSC-JSSC विवाद पर चिराग पासवान बोले- छात्रों को बांटना बंद करें

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 07:26 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने झारखंड में JPSC-JSSC छात्र आंदोलन पर राजनीतिक दलों को छात्रों को बांटने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने सरकार से छात्र ...और पढ़ें

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

    HighLights

    1. चिराग पासवान ने छात्र आंदोलन को राजनीतिकरण से बचने की सलाह दी।

    2. झारखंड सरकार से छात्रों के साथ सीधा संवाद करने का आग्रह।

    3. JPSC-JSSC भर्ती अनियमितताओं पर छात्र परीक्षा रद्द करने की मांग।

    डिजिटल डेस्क, पटना। झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजनीतिक दलों को छात्रों के आंदोलन को खेमों में बांटने से बचने की सलाह दी है।

    उन्होंने सवाल उठाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेता मंच पर पहुंचे तो इसे अलग नजर से देखा गया, जबकि झारखंड में आंदोलन करने वाले छात्रों को कभी विदेशी फंडिंग तो कभी एनडीए से जोड़कर देखा जा रहा है।

    चिराग ने कहा कि छात्र अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर हैं, इसलिए उनके मुद्दे को उसी रूप में देखा जाना चाहिए।

    'छात्रों को राजनीतिक चश्मे से देखना बंद करें'

    लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद चिराग पासवान ने कहा कि जब कहीं छात्र प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें अलग-अलग राजनीतिक खेमों से जोड़ दिया जाता है।

    उन्होंने राजनीतिक दलों से पूछा कि छात्रों को इस तरह बांटने की जरूरत आखिर क्यों है। उनके मुताबिक प्रदर्शन करने वाले छात्र हैं और उनकी समस्याओं को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

    सरकार और छात्रों के बीच सीधे संवाद पर जोर

    चिराग ने झारखंड सरकार से छात्रों के साथ सीधे संवाद की अपील की। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के मंत्री और मुख्यमंत्री को छात्रों से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए। बातचीत के जरिए ही गतिरोध का समाधान निकाला जा सकता है।

    खबरें और भी

    उन्होंने संकेत दिया कि लंबे समय तक आंदोलन और टकराव की स्थिति किसी के हित में नहीं है।

    परीक्षा रद्द और जांच की मांग पर अड़े छात्र

    झारखंड में छात्र आंदोलन JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा है। छात्र परीक्षा रद्द करने और कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं।

    उनकी प्रमुख मांगों में सीबीआई जांच भी शामिल है। सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के कई दौर होने के बावजूद मुख्य मांगों पर अब तक सहमति नहीं बन पाई है।

    विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस से टकराव

    सोमवार को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा के लिए लगाए गए कई बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

    बाद में लाठीचार्ज की स्थिति भी बनी। इस दौरान कुछ छात्रों के घायल होने की खबर सामने आई। इसके बावजूद छात्रों का समूह विधानसभा के गेट नंबर एक तक पहुंच गया।

    विधानसभा परिसर के बाहर भी डटे रहे छात्र

    प्रशासन की ओर से छात्रों से आंदोलन समाप्त कर वापस जाने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है और छात्रों से परिसर से हटने को कहा गया।

    हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए थे। ऐसे में चिराग का बातचीत के जरिए समाधान निकालने का बयान आंदोलन के बीच राजनीतिक प्रतिक्रिया के तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    पार्टी ने रामविलास पासवान के लिए भारत रत्न की मांग की

    LJP रामविलास की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

    चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता के योगदान को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए। पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को भी भारत रत्न देने की मांग की है।

    यूपी और पंजाब में चुनाव लड़ेगी LJP रामविलास

    बैठक के बाद चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरेगी।

    हालांकि दोनों राज्यों में पार्टी किस गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। चिराग ने कहा कि गठबंधन का स्वरूप बाद में तय किया जाएगा, लेकिन पार्टी दोनों राज्यों में चुनाव जरूर लड़ेगी।

    बांकीपुर नतीजे पर बोले- सामूहिक जिम्मेदारी

    बांकीपुर के चुनाव परिणाम पर चिराग ने कहा कि अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं।

    उन्होंने इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताया और संगठन तथा गठबंधन के सहयोगियों के बीच बेहतर समन्वय की गुंजाइश स्वीकार की। उन्होंने देशभर में Gen Z को लेकर बने माहौल के असर को भी चुनावी नतीजे का एक कारण बताया।

    यह भी पढ़ें- JPSC JSSC Protest: 'रांची में छात्रों के प्रदर्शन में घुसे उपद्रवी', पुलिस से झड़प पर छात्र नेता का दावा