Bihar Weather Update: उत्तर बिहार में हल्की वर्षा के आसार, पटना में मौसम रहेगा साफ
बिहार में पछुआ-पुरवा हवाओं के बीच मौसम शुष्क बना हुआ है, हालांकि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है।
-1791598128014_m.webp)
बिहार का मौसम। फोटो एआई जनरेटेड
HighLights
अगले 48 घंटों में बिहार के तापमान में 2-4 डिग्री वृद्धि।
उत्तर बिहार में मेघ गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा के आसार।
पटना का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, कैमूर सबसे गर्म।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में पछुआ और पुरवा हवाओं के बीच मौसम शुष्क बना हुआ है। बादलों की आवाजाही और धूप के कारण दिन में हल्की गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।
आने वाले 24 घंटों के दौरान सभी जिलों में बादल छाए रहने के साथ मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर बिहार के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा हो सकती है।
इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। शुक्रवार को पटना समेत 22 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ यह 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। मधुबनी में हवा की अधिकतम गति 39 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, पणजी से होकर गुजर रही है।
वहीं, पूर्वी उत्तरप्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों के ऊपर वायु चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बने होने के साथ प्रदेश के मौसम में बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा की गतिविधियां बने रहने की संभावना है।
शुक्रवार को मधुबनी जिले में 39 किमी प्रतिघंटा हवा की रफ्तार दर्ज की गई। बीते 24 घंटे के दौरान उत्तर पूर्वी एवं उत्तर मध्य भागों में हल्की वर्षा दर्ज की गई।
इन स्थानों पर दर्ज हुई वर्षा
मधेपुरा के घैलाढ़ में 42.6 मिमी, खगड़िया के परबत्ता में 42.2 मिमी, मधुबनी के खजौली में 37.6 मिमी, बेगूसराय के मटियानी में 36.8 मिमी, भागलपुर के सुल्तानगंज में 32.2 मिमी, बांका के शंभूगंज में 27.8 मिमी, मधुबनी के बेनीपट्टी में 27 मिमी, गोपालगंज में 26.2 मिमी, लखीसराय के सूर्यगढ़ा में 24.2 मिमी, चानन में 22.4 मिमी, नालंदा के हरनौत में 22.3 मिमी, मुंगेर के तारापुर में 21 मिमी, मधुबनी के खुटौना में 20.2 मिमी, समस्तीपुर के रोसड़ा में 19 मिमी, मधेपुरा के मुरलीगंज में 16.4 मिमी, वाल्मीकि नगर में 16 मिमी, खगड़िया में 14.4 मिमी, सिवान के गोरियाकोठी में 14.4 मिमी, पूर्णिया के भवानीपुर में 14 मिमी, मधुबनी के बासोपट्टी में 14 मिमी, सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर में 13.6 मिमी, बांका के बौसी में 12.8 मिमी, खगड़िया के अलौली में 12.2 मिमी, पश्चिम चंपारण के चनपटिया में 11.6 मिमी, भोजपुर के जगदीशपुर में 11.2 मिमी एवं सिवान के बड़हरिया में 10.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 31.0 | 23.3 |
| गया | 29.7 | 22.0 |
| भागलपुर | 30.1 | 23.6 |
| मुजफ्फरपुर | 28.8 | 23.0 |
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
