बिहार में बनेगा अपना नीति आयोग! हर जिले का अलग विकास प्लान और बजट, सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा विजन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में केंद्र के नीति आयोग की तर्ज पर एक आयोग गठित करने का निर्देश दिया है। यह आयोग साक्ष्य आधारित नीति निर्माण, योजनाओ ...और पढ़ें

हर विधायक के लिए बनेगा डिजिटल पोर्टल
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के समग्र और दीर्घकालिक विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र के नीति आयोग की तर्ज पर बिहार में भी एक आयोग गठित करने का निर्देश दिया है।
यह आयोग साक्ष्य आधारित नीति निर्माण, योजनाओं की निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय का काम करेगा। साथ ही समय-समय पर सरकार को विकास से जुड़े सुझाव भी देगा।
समीक्षा बैठक में विकास की नई रणनीति
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में योजना एवं विकास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में विभाग की अपर मुख्य सचिव एन. विजयालक्ष्मी ने योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, सांसद निधि, पंचायत सरकार भवन और कब्रिस्तान घेराबंदी जैसी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
हर विधायक के लिए बनेगा डिजिटल पोर्टल
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी निगरानी भी सुनिश्चित हो।
इसके लिए विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के लिए एक समर्पित डिजिटल पोर्टल विकसित किया जाएगा। इस पोर्टल के जरिए योजनाओं की प्रगति, अनुश्रवण और ऑनलाइन मॉनिटरिंग की सुविधा मिलेगी।
संवेदनशील कब्रिस्तानों की सूची तैयार कर वहां घेराबंदी का कार्य भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हर जिले और प्रखंड का बनेगा अलग विकास ब्लूप्रिंट
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बिहार के प्रत्येक जिले की स्थानीय जरूरतों, संसाधनों और संभावनाओं के अनुसार अलग विकास योजना तैयार की जाए।
इसके साथ ही हर जिले का अपना बजट प्लान भी बनाया जाएगा, ताकि स्थानीय प्राथमिकताओं के हिसाब से संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
उन्होंने प्रत्येक प्रखंड के लिए भी दीर्घकालिक और परिणाम आधारित विकास योजना तैयार करने पर जोर दिया।
2037 तक 'विकसित बिहार' का रोडमैप तैयार होगा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2037 में बिहार अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूरे करेगा। इस अवसर को ध्यान में रखते हुए अभी से 'विकसित बिहार' का दीर्घकालिक विजन तैयार किया जाए।
उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सफल विकास मॉडल का अध्ययन कर उन्हें बिहार की जरूरतों के अनुसार अपनाने का निर्देश भी दिया।
अब व्हाट्सएप पर मिलेगी मौसम की चेतावनी
बैठक में बिहार मौसम सेवा केंद्र की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मौसम से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं और पूर्वानुमान सांसदों, विधायकों, मुखिया, जिला परिषद अध्यक्षों, जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों तक व्हाट्सएप और मैसेज के माध्यम से समय पर पहुंचाई जाएं।इससे आपदा प्रबंधन और स्थानीय स्तर पर तैयारियां अधिक प्रभावी हो सकेंगी।