विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूसरे राज्यों में बैंक-सोना लूट, बिहार में ठिकाना; 113 अपराधी गिरफ्तार, 8.84 किलो सोना बरामद

Published: Sun, 06 Sep 2026 07:00 AM (IST)

बिहार एसटीएफ ने अंतरराज्यीय बैंक और ज्वेलरी लूट गिरोह के 113 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 8.84 ...और पढ़ें

लूट का सोना-चांदी और हथियार बरामद

लूट का सोना-चांदी और हथियार बरामद

राज्य ब्यूरो, पटना। मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और कर्नाटक में बैंक और ज्वेलरी शॉप लूट की घटनाओं में बिहार के आपराधिक गिरोह का कनेक्शन सामने आया है। दूसरे राज्यों में वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बिहार के अलग-अलग जिलों में आकर छिप जाते थे। बिहार एसटीएफ ने इस साल जनवरी से जुलाई के बीच विशेष अभियान चलाकर ऐसे 113 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

लूट का सोना-चांदी और हथियार बरामद

एसटीएफ की कार्रवाई में करीब 8 किलो 840 ग्राम सोना, 44 किलो चांदी और 11.97 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 26 देसी कट्टा व पिस्टल, 71 कारतूस और 440 ग्राम हेरोइन भी जब्त की गई। कार्रवाई से अंतरराज्यीय लूट गिरोह के नेटवर्क का पता चला है।

बैंक-ज्वेलरी लूट के लिए बनी विशेष शाखा

सोना और बैंक लूट के अंतरराज्यीय गिरोह के बढ़ते ट्रेंड को देखते हुए बिहार एसटीएफ ने विशेष शाखा बनाई है। यह टीम सालभर बैंक शाखा और ज्वेलरी लूट के मामलों की जांच तथा आरोपितों की तलाश करती है। संबंधित राज्यों की पुलिस से मिले इनपुट, तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की जाती है।

मैसूर में लूट, वैशाली में छिपे थे आरोपित

कर्नाटक के मैसूर स्थित ज्वेलरी शॉप में 16 जनवरी को लूट हुई थी। वारदात में शामिल आरोपितों को मार्च में वैशाली से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सोने की चेन, अंगूठी और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

हुगली की लूट का तार खगौल से जुड़ा

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की ज्वेलरी शॉप में मार्च में हुई लूट के मामले में पटना के खगौल थाना क्षेत्र से तीन आरोपित पकड़े गए।

इनके पास से 5.79 किलो सोने के बिस्किट व गहने और 1.97 लाख रुपये बरामद किए गए। पांच पीस सोने के आभूषण, 3500 रुपये और एक चारपहिया वाहन भी बरामद हुआ।

ओडिशा में बैंक लूटा, औरंगाबाद में दबोचे गए

ओडिशा के कोइंझर जिले में बैंक आफ महाराष्ट्र की शाखा में हुई लूट के मामले में एक जून को औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई।

यहां से दो आरोपित गिरफ्तार किए गए। इनके पास से 237.30 ग्राम सोने और करीब चार किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए।

जबलपुर का लूटा सोना गया में मिला

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के खितौला थाना क्षेत्र में 14 जुलाई को स्वर्ण आभूषण लूट हुई थी। इस मामले में शामिल अपराधियों को पुलिस ने गया से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 750 ग्राम लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए।

जेल से भी चल रहा था गिरोह का नेटवर्क

जांच के दौरान सोना लुटेरा गिरोह का जेल कनेक्शन भी सामने आया था। इसके बाद जेल में बंद अपराधियों की निगरानी बढ़ाई गई है। एसटीएफ दूसरे राज्यों में हुई लूट के साथ बिहार में हुई सोना लूट की घटनाओं में भी लगातार कार्रवाई कर रही है।

गया के ज्वेलरी शॉप लूटकांड में भी तीन गिरफ्तार

16 जून को गया के एस ब्रदर्स ज्वेलरी शॉप लूटकांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 276 ग्राम सोने के आभूषण, दो देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, आठ खोखे और 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ की कार्रवाई से बिहार में छिपकर वारदात के बाद नेटवर्क चलाने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसने का संकेत मिला है।