विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बदलने वाली है सड़कों की तस्वीर: 55 ROB की समीक्षा, 8 तैयार; मंत्री ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

Published: Wed, 09 Sep 2026 08:46 PM (GMT+05:30)

पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने बिहार में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) और पहुंच पथ निर्माण कार्यों की समीक्षा की, जिसमें 55 में से 8 आरओबी पूरे हो चुके हैं।

55 आरओबी में आठ का निर्माण पूरा

55 आरओबी में आठ का निर्माण पूरा

HighLights

  1. मंत्री ने आरओबी और पहुंच पथ निर्माण की समीक्षा की।

  2. 55 आरओबी परियोजनाओं में से 8 का निर्माण पूरा हो चुका।

  3. गुणवत्ता और समयबद्धता से कार्य पूरा करने के निर्देश।

राज्य ब्यूरो,पटना। बिहार में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) और उनसे जुड़े पहुंच पथ निर्माण कार्यों में अब तेजी लाने की तैयारी है। पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने बुधवार को राज्य में चल रही सड़क परियोजनाओं में आरओबी निर्माण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने पटना, सीतामढ़ी, सारण, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर, औरंगाबाद और गया समेत अन्य जिलों में आरओबी एवं पहुंच पथ निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया।

55 आरओबी में आठ का निर्माण पूरा

समीक्षा बैठक में पुल निर्माण निगम की ओर से क्रियान्वित 55 आरओबी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। इनमें आठ आरओबी का निर्माण पूरा हो चुका है।

शेष परियोजनाओं पर भी तेज गति से काम चल रहा है। मंत्री ने लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

एलाइनमेंट से भूमि तक सभी अड़चनों की समीक्षा

बैठक में आरओबी के एलाइनमेंट, रेलवे के साथ समन्वय, डिजाइन अनुमोदन और यूटिलिटी शिफ्टिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। भूमि से जुड़े मामलों के साथ एप्रोच रोड और कनेक्टिविटी से संबंधित लंबित विषयों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

पहुंच पथ और कनेक्टिविटी पर भी जोर

मंत्री ने कहा कि केवल आरओबी का निर्माण पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उससे जुड़े पहुंच पथ और कनेक्टिविटी के कार्य भी समय पर पूरे होने चाहिए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय कर लंबित मामलों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।

एनएचएआई की 18 आरओबी-आरयूबी परियोजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में एनएचएआई की ओर से निर्माणाधीन 18 आरओबी और आरयूबी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनके निर्माण की प्रगति, संबंधित विभागों के साथ समन्वय और परियोजनाओं के सामने आ रही अड़चनों की जानकारी ली गई। मंत्री ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से काम में तेजी लाने को कहा।

गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयबद्ध पूरा हो काम

मंत्री ने आरओबी और पहुंच पथ निर्माण में तेजी के साथ गुणवत्ता समेत सभी निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित विषयों का त्वरित समाधान कर योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और एनएचएआई के वरीय पदाधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अब जाम में नहीं फंसेगी रफ्तार: भोजपुर में 6 अरब की योजना, 12 सड़कों और 3 पुलों का होगा कायाकल्प