बिहार पुलिस ने आर्केस्ट्रा और बंधुआ मजदूरी के चंगुल से छुड़ाई गईं 115 बच्चियां, 116 मानव तस्कर गिरफ्तार
बिहार पुलिस ने 'ऑपरेशन नया सवेरा 2.0' के तहत अप्रैल में 427 पीड़ितों को मुक्त कराया, जिनमें 115 बच्चियां और 217 बच्चे शामिल हैं। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा 2.0 के तहत अप्रैल में 115 बच्चियों एवं 217 बच्चों के साथ कुल 427 पीड़ितों को मुक्त कराया है। इस दौरान 35 महिलाओं समेत 116 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एडीजी (कमजोर वर्ग) अमित कुमार जैन ने इसकी जानकारी दी।
इस अभियान के तहत एक से 30 अप्रैल तक पूरे राज्य में कार्रवाई की गई थी जिसमें रोहतास एवं अररिया जिले का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।
140 पीड़ितों को मुक्त कराया गया
एडीजी जैन ने बताया कि लैंगिंक अपराध एवं आर्केस्ट्रा-डांस ग्रुप के मामले में कार्रवाई करते हुए 20 कांड दर्ज किए गए। इसमें 92 नाबालिग लड़कियों समेत 140 पीड़ितों को मुक्त कराया गया है। इनमें पश्चिम बंगाल की सर्वाधिक 28 लड़कियां हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश की छह, ओडिशा की तीन, हरियाणा एवं झारखंड की दो-दो जबकि छत्तीसगढ़ की एक पीड़िता शामिल हैं। इस मामले में 35 महिलाओं समेत 114 मानव तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
वहीं बंधुआ मजदूरी से जुड़े मामले में 20 बच्चियों एवं 26 बच्चों के साथ 94 पीड़ितों को मुक्त कराया गया जबकि दो मानव तस्कर पकड़े गए। बालश्रम के मामले में 61 कांड दर्ज करते हुए 190 बच्चों एवं तीन बच्चियों को मुक्त कराया गया।
अभया ब्रिगेड ने 405 मनचलों पर की कार्रवाई, 11 प्राथमिकी दर्ज
एडीजी अमित जैन ने बताया कि स्कूल-कालेज एवं कोचिंग की छात्राओं की सुरक्षा के लिए गठित अभया ब्रिगेड ने जनवरी से मार्च तक 405 मनचले युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इसको लेकर 11 प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। अभया ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों के लिए जल्द ही 1500 स्कूटी की भी खरीद की जाएगी।
खबरें और भी
हर माह 33 हजार अपराधी और आठ मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़
बिहार पुलिस हर माह औसत 33 हजार अपराधियों और आठ मिनीगन फैक्ट्री का उद्भेदन कर रही है। इस साल जनवरी से मार्च तक कुल 99 हजार 158 अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें संगठित अपराध में शामिल 3,483 हार्डकोर अभियुक्त शामिल हैं।
वहीं मार्च तक 27 माआवोदियों को भी गिरफ्तार किया गया है। फिरौती के लिए अपहरण से जुड़े कांडों में आठ अभियुक्तों को पकड़ा गया है। एडीजी पुलिस मुख्यालय सुनील कुमार ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अवैध हथियारों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस साल मार्च तक 24 अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया है। पहली तिमाही में 5625 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इस दौरान एक हजार 86 अवैध आग्नेयास्त्र बरामद किए गए हैं।
शपथ ग्रहण में आने वाले वीआईपी के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती
राजधानी के गांधी मैदान में सात मई को आयोजित होने वाले मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। एडीजी मुख्यालय सुनील कुमार ने सवाल का जवाब देते हुए बताया कि सुरक्षा के लिए ब्लूबुक के तय मानकों के अनुसार तैयारी की जा रही है। यातायात प्रबंधन से लेकर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त बलों की भी तैनाती की गई है।