बिहार में छटने लगे बादल, अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में आंधी-बारिश का अलर्ट
कल का मौसम: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है, जिसकी रेखा सुपौल से गुजर रही है।
-1791543270009_m.webp)
बिहार कल का मौसम। (AI Generated Image)
HighLights
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई प्रक्रिया सुपौल से शुरू हुई।
उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में येलो अलर्ट जारी।
मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना, सुरक्षित रहने की सलाह।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, मानसून की वापसी रेखा राज्य के सुपौल जिले से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के कुछ हिस्सों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
आज का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (09 अक्टूबर) के लिए राज्य के उत्तर-पश्चिम (पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण) और दक्षिण-पश्चिम (रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद) हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में मेघगर्जन, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। सुरक्षा के लिहाज से लोगों को बारिश व वज्रपात के समय पक्के मकानों में शरण लेने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने का सुझाव दिया गया है।
कल के लिए कोई चेतावनी नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
10 और 11 अक्टूबर को उत्तर-मध्य व उत्तर-पूर्व बिहार के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में किशनगंज के पोठिया में सर्वाधिक 62.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा घैलाढ़ (42.6 मिमी) और परबत्ता (42.2 मिमी) में भी अच्छी बारिश हुई।
राज्य में सबसे अधिक तापमान भभुआ (कैमूर) में 34.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें- Bihar Weatther Update: बिहार में मानसून विदाई से पहले बदला मौसम, पटना समेत 18 जिलों में वज्रपात-बारिश का अलर्ट
