विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार MLC चुनाव: 8 सीटों पर 5.32 लाख मतदाता करेंगे फैसला, तिरहुत में सबसे अधिक 'थर्ड जेंडर' वोटर

Published: Thu, 08 Oct 2026 08:16 PM (GMT+05:30)

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर कुल 5.32 लाख से अधिक मतदाता 23 अक्टूबर को मतदान करेंगे, जिनमें शिक्षक और स्नातक कोटे के मतदाता शामिल हैं।

विधान परिषद चुनाव: तिरहुत में सर्वाधिक मंगलामुखी मतदाता, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

विधान परिषद चुनाव: तिरहुत में सर्वाधिक मंगलामुखी मतदाता, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

HighLights

  1. 5.32 लाख से अधिक मतदाता विधान परिषद की 8 सीटों पर करेंगे मतदान।

  2. तिरहुत (स्नातक) सीट पर सर्वाधिक 20 मंगलामुखी मतदाता दर्ज हैं।

  3. 23 अक्टूबर को होगा मतदान, विशेष मतदाता सूची का प्रयोग होगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद की आठ सीटों पर हार-जीत का निर्णय कुल 532847 मतदाता करेंगे। इनमें शिक्षक कोटे की चार सीटों के लिए 40253 मतदाता हैं और स्नातक श्रेणी की इतनी ही सीटों के लिए 492594 मतदाता। मंगलामुखी (थर्ड जेंडर) मतदाताओं की संख्या 37 है।

इस श्रेणी में सर्वाधिक 20 मतदाता तिरहुत (स्नातक) सीट पर हैं। शिक्षक सीटों में से एकमात्र तिरहुत में ही तीन मंगलामुखी मतदाता हैं। बाकी तीन सीटों पर उनकी संख्या शून्य है। उल्लेखनीय है कि इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है।

दरअसल, शिक्षक और स्नातक कोटे की सीटों पर आम मतदाता वोट नहीं दे सकते। इसके लिए पात्र नागरिकों को हर बार विशेष रूप से आवेदन करके अपना नाम मतदाता-सूची में दर्ज कराना पड़ता है।

निर्वाचन आयोग के नियमानुसार, हर चुनाव से पहले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता-सूची नए सिरे से तैयार होती है। पुरानी सूची का कोई भी डेटा स्वतः मान्य नहीं होता।

बहरहाल स्नातक सीटों पर पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओंं की तुलना मेंं तिगुनी से भी अधिक है। शिक्षक श्रेणी की सीटों पर यह अनुपात और अधिक बढ़ जाता है। वहां पुरुषों की तुलना में महिला मतदाता मात्र 23.78 प्रतिशत हैं।

मतदान हेतु पहचान: मतदान के दिन वोट डालने के लिए मतदाताओं के पास निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पहचान पत्र (वोटर आईडी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या विश्वविद्यालय की मूल डिग्री आदि) होना चाहिए।

स्नातक सीटोंं के मतदाता

निर्वाचन क्षेत्र पुरुष महिला मंगलामुखी कुल
कोसी 101056 33013 3 134072
तिरहुत 97998 45970 20 143988
दरभंगा 90006 36938 7 126951
पटना 66462 21117 4 87583
कुल 355522 137038 34 492594

(मतदाता: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या उसके समकक्ष डिग्री/डिप्लोमा धारक मतदाता होते हैं। आवेदन की तिथि (आमतौर पर उस वर्ष की एक नवंबर) से कम-से-कम तीन वर्ष पहले स्नातक की डिग्री प्राप्त हो चुकी हो।)

शिक्षक सीटों के मतदाता

निर्वाचन क्षेत्र पुरुष महिला मंगलामुखी कुल
तिरहुत 6507 2250 3 8760
दरभंगा 6958 2068 0 9026
पटना 8413 3306 0 11719
सारण 8799 1949 0 10748
कुल 30677 9573 3 40253

(मतदाता : पिछले छह वर्षों के भीतर राज्य के किसी भी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान में कम-से-कम तीन वर्ष तक शिक्षण कार्य का अनुभव रखने वाले मतदाता हाेते हैं। माध्यमिक स्कूल, कालेज या विश्वविद्यालय का शिक्षक होना चाहिए। प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक इस श्रेणी के मतदाता नहीं बन सकते हैं।)

यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: 8 सीटों पर बागियों ने बढ़ाई NDA की टेंशन, CM सम्राट चौधरी ने बनाई डैमेज कंट्रोल की रणनीति