Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bihar Politics: कौन है बिहार सरकार का सबसे अमीर मंत्री? जानिए CM नीतीश, सम्राट समेत दूसरे मिनिस्टर की संपत्ति

    Updated: Wed, 01 Jan 2025 02:29 PM (IST)

    Bihar Ministers Property बिहार सरकार के मंत्रियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विजय सिन्हा वि ...और पढ़ें

    बिहार के मंत्रियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा की (जागरण)
    बिहार के मंत्रियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा की (जागरण)

    HighLights

    1. सीएम नीतीश कुमार ने भी अपनी संपत्ति की घोषणा की
    2. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की संपत्ति भी सामने आई

    जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Political News Hindi: बिहार सरकार के मंत्रियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा कर दी है। इस रिपोर्ट में यह पता चल गया है कि बिहार में सबसे अमीर और गरीब मंत्री कौन है? मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय चौधरी समेत कई नेताओं ने अपनी संपत्ति की घोषणा की है।

    नीरज कुमार सिंह हैं सबसे अमीर मंत्री

    बिहार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज कुमार सिंह बिहार सरकार के सबसे अमीर मंत्री हैं। उनके पास कुल संपत्ति 13.98 करोड़ रुपये है। चल संपत्ति की बात करें तो इनके पास 3.26 करोड़ और अचल संपत्ति की बात करें तो इनके पास 10.72 करोड़ की अचल संपत्ति है।

    CM नीतीश कुमार की संपत्ति

    मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी चल और अचल संपत्ति की जानकारी आम कर दी। इस जानकारी का सबसे दिलचस्प पहलू है कि दिल्ली में संसद स्थित एसबीआई की शाखा में आज भी नीतीश कुमार 3358 रुपए जमा किए हुए हैं।

    पटना में सचिवालय स्थित एसबीआई की शाख में उनका 31448 रुपए तथा पीएनबी की बोरिंग रोड शाखा में 26 हजार रुपए जमा है। मुख्यमंत्री के पास नगद के रूप नमें 21,052 रुपए मात्र हैं। एनएसएस या फिर कोई अन्य पोर्टफोलियो में मुख्यमंत्री ने कोई निवेश नहीं कर रखा है।

    खबरें और भी

    वाहन के नाम पर उनके पास 2015 माडल फोर्ड इकोस्पोर्ट कार है। जहां तक आभूषण की बात है तो मुख्यमंत्री के पास सोने की दो अंगूठी जो 20 ग्राम की है।

    एक मोती जड़ा चांदी की अंगूठी भी है। अपने अचल सामान की जानकारी में मुख्यमंत्री ने यह बताया है कि उनके पास अपना एक एसी, कंप्यूटर, एयरकूलर, ट्रेड मिल मशीन, चार, 12 गायें, नौ बछड़े, एक ओटीजी, वाशिंग मशीन व एक्सरसाइज साइकि्ल है।

    मुख्यमंत्री के नाम पर किसी तरह की कृषि योग्य जमीन नहीं है। गैर कृषि योग्य जमीन भी नहीं है। रिहाइशी संपत्ति के नाम पर दिल्ली के द्वारका में एक हजार वर्ग फीट का एक फ्लैट है जिसे 13.78 लाख रुपए में खरीदी था।

    सम्राट चौधरी की संपत्ति

    पत्नी व पुत्र-पुत्री सहित उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वर्णाभूषणों के बड़े शौकीन हैं। उनके पास चार सौ ग्राम सोना है, जबकि पत्नी के पास पांच सौ ग्राम। पुत्री के पास तीन सौ और पुत्र के पास सौ ग्राम सोना है। वाहन में एकमात्र बोलेरो है और एक रायफल भी।

    अचल संपत्ति में 8.29 करोड़ की भूमि उनके नाम है। इसमें खेतिहर भूमि है। पत्नी कुमारी ममता के नाम गोला रोड की आइएएस कालोनी में 1450 वर्ग फीट का एक फ्लैट है और 46.47 लाख की कृषि भूमि। बैंक-बांड और शेयर आदि में 47 लाख से अधिक का निवेश है और 6.70 लाख नकद भी। पत्नी और बच्चों के नाम लगभग 47.68 लाख का निवेश है और 12.5 लाख नकद।

    डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की संपत्ति

    उप मुख्यमंत्री एवं पथ निर्माण मंत्री विजय कुमार सिन्हा रिवाल्वर और रायफल भी रखते हैं। बांड और शेयर में भी उनकी रूचि है। लेकिन, सोने के आभूषण शादी के समय या अन्य अवसरों पर उपहार में मिले हैं।

    उनके पास 90 ग्राम और पत्नी के पास साढ़े चार सौ ग्राम के स्वर्ण आभूषण हैं। पावर ग्रिड, शिवा वायोजेनेटिक एवं त्रिभुवन देव एंड कंसट्रक्शन कंपनी के अलावा कुछ अन्य कंपनियों के शेयर उनके पास है।

    कैनरा बैंक एवं एसबीआई में उनके कुल छह खाते हैं। सबसे अधिक 15 लाख रुपये उनकी पत्नी के नाम से कैनरा बैंक की कदमकुंआ शाखा में जमा है। लखीसराय एवं मरांची में उनके पास खेती की जमीन है। पूणे में तीन, पटना के रानीपुर एवं बाढ़ में आवासीय भूखंड है।

    पटना के बहादुरपुर एवं संदलपुर में व्यवसायिक परिसर और भूखंड है। पुनाईचक बोर्ड कालोनी में भी उनकी जमीन है, जो पिता से मिली है। एक्जवीशन रोड और कदमकुंआ में आवासीय एवं व्यवसायिक परिसर है। पहाड़ी पर भी जमीन है।

    विजय चौधरी की संपत्ति

    जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी के पास मात्र 40 हजार नकद है। उनसे अधिक नकदी (1.70 लाख) पत्नी के पास है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में उन्होंने 1145736 रुपये का आयकर जमा किया है और पत्नी ने 228610 रुपये का। 2022-23 में चौधरी ने 781788 रुपये का आयकर दिया था। सोना-चांदी का शौक नहीं।

    उनके पास 10 ग्राम सोना का आभूषण है और पत्नी के पास 240 ग्राम का। मोबाइल टावर से प्रति माह साढ़े पांच हजार रुपये किराया मिल रहा। एक आल्टो कार है, जिसका मूल्य 60 हजार रुपये आंका गया है। उनके नाम कुल 70.20 लाख की चल संपत्ति है और पत्नी के नाम 31.16 लाख की।

    इसमें सर्वाधिक राशि म्युचुअल फंड और शेयर आदि में निवेशित है। समस्तीपुर में छह बीघा 12 कट्ठा 13 धूर खेतिहर भूमि है, जिसकी कीमत 55 लाख रुपये आंकी जा रही। पत्नी के नाम गोला रोड में 50 लाख मूल्य की 2.75 कट्ठा आवासीय भूमि है और बेली रोड में 1200 वर्ग फीट का एक फ्लैट। उसका मूल्य 45 लाख अनुमानित है। स्वयं चौधरी के नाम समस्तीपुर के केवटा में डेढ़ कट्ठा में पुश्तैनी आवास भी है।

    वाहनों का शौक रखते हैं जनक राम

     अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग के मंत्री जनक राम की कुल संपत्ति 1.62 करोड़ है। पत्नी उनसे कही अधिक अमीर हैं। उनकी कुल संपत्ति 1.75 करोड़ रुपये की है। जनक के पास चल संपत्ति तो पत्नी के पास अचल संपत्ति अधिक है। वे हथियार और गाड़ी के भी शौकीन हैं।

    उनके पास राइफल और पिस्तौल दोनों हैं। दो स्कार्पियो और एक इनोवा है। हालांकि, उन पर 12.88 लाख का बैंक ऋण भी है। वे 23.66 लाख बीमा प्रीमियम जमा कर चुके हैं।

    हरि सहनी ने खरीदी है टोयटा क्रिस्टा

    पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री की कुल संपत्ति मात्र एक करोड़ की है। चल संपत्ति 22.63 लाख और अचल संपत्ति 78 लाख रुपये की है। उनके पास 40 ग्राम सोना भी है। नकदी मात्र 55 हजार है। वर्ष 2024 में उन्होंने टोयटा क्रिस्टा गाड़ी खरीदी है। ब्योरा में उसका मूल्य दर्ज नहीं है। उन्होंने न तो बीमा पालिसी ली है और न ही किसी दूसरे तरह का निवेश है।

    मदन सहनी की संपत्ति

    समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी गाड़ियों के बड़े शौकीन हैं। उनके पास सात लाख की इंडिगो, दस लाख की स्कार्पियो और 24 लाख रुपये की एमजी हेक्टर गाड़ी है। हालांकि, उन पर 70 लाख रुपये की देनदारी भी है।

    उनकी कुल 2.79 करोड़ की संपत्ति में अचल संपत्ति 1.97 करोड़ की है और शेष चल संपत्ति है। पत्नी उनसे अधिक नकदी रखती हैं। मदन सहनी के पास मात्र 10064 नकद है, जबकि पत्नी के पास 107978 रुपये हैं।

    लेशी सिंह की संपत्ति

    खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह की प्रवृत्ति बैंकों में नगद जमा रखने की है। पटना स्थित बिहार वेटेनरी कालेज परिसर स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा में उन्होंने 6.82 लाख , एसबीआई, पूर्णिया बाजार की शाखा में 31.47 लाख्, एक्सिस बैक पूर्णिया में 39 हजार उन्होंने जमा किया हुआ है।

    लेशी सिंह वाहनों की भी शौकीन हैं। उनके पास एक टोयोटा फारच्यूनर, एक बोलेरो, एक महिंद्रा रेक्सटान, एक टाटा ट्रक है। हथियार के नाम पर उनके पास एक एसएसबीएल रायफल व एक डीबीबीएल रायफल है।

    Bihar Teacher Salary: बिहार के सरकारी शिक्षकों की बल्ले-बल्ले, सैलरी को लेकर सरकार ने दे दी बड़ी खुशखबरी

    Bhagalpur News: भागलपुर में इन वाहन मालिकों पर होगा एक्शन, नए SSP ने कर दिया एलान; कहा- अब ये सब नहीं चलेगा