बिहार में खान-भूतत्व विभाग बनाएगा अपना पुलिस बल, बालू-पत्थर माफिया पर कसेगा शिकंजा
बिहार का खान एवं भूतत्व विभाग बालू और पत्थर माफिया पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अपना अलग पुलिस बल बनाने की तैयारी कर रहा है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
खान एवं भूतत्व विभाग बनाएगा अपना पुलिस बल।
बालू और पत्थर माफिया पर प्रभावी कार्रवाई होगी।
अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी में मिलेगी मदद।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में बालू और पत्थर माफिया पर प्रभावी कार्रवाई के लिए खान एवं भूतत्व विभाग अपना अलग पुलिस बल बनाने की तैयारी कर रहा है।
विभाग का मानना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने में सबसे बड़ी परेशानी स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर निर्भरता है।
कई बार पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने से छापेमारी प्रभावित होती है, जबकि कुछ मामलों में अधिकारियों को विरोध और हिंसक घटनाओं का भी सामना करना पड़ता है। इसी समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए विभाग ने खान एवं भूतत्व पुलिस बल के गठन की प्रक्रिया शुरू की है।
विभाग प्रस्ताव तैयार कर रहा है। प्रस्ताव में विभाग के लिए समर्पित सशस्त्र पुलिस बल की व्यवस्था का प्रविधान किया जा रहा है।
यह बल अवैध बालू और पत्थर खनन के खिलाफ छापेमारी, वाहनों की जांच, जब्ती, गिरफ्तारी और अन्य अभियानों में विभागीय अधिकारियों को सुरक्षा और सहयोग देगा।
सूत्रों ने बताया कि विभाग के सचिव स्तर पर इस प्रस्ताव पर प्रारंभिक मंथन हो चुका है। नए बल की कार्यप्रणाली, पदों की संख्या, हथियारों की व्यवस्था, लाठी बल और प्रशिक्षण जैसे बिंदुओं पर विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
मंत्री की सहमति के बाद भेजा जाएगा राज्य मंत्रिमंडल
सूत्रों की माने तो अंतिम रूप देने के बाद प्रस्ताव पहले खान एवं भूतत्व मंत्री के समक्ष रखा जाएगा। उनकी सहमति मिलने के बाद इसे मंजूरी के लिए राज्य मंत्रिमंडल भेजा जाएगा।
बताएं कि करीब दो वर्ष पहले भी विभाग ने अलग पुलिस बल बनाने की योजना पर काम शुरू किया था। हालांकि, तकनीकी कारणों से वह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। अब विभाग ने एक बार फिर नए सिरे से इस दिशा में पहल शुरू की है।
अधिकारियों का मानना है कि अपना पुलिस बल बनने से अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई अधिक तेज, प्रभावी और निर्बाध रूप से हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- पेंशनधारी तुरंत चेक करें अपना बैंक खाता; बिहार के CM सम्राट ने कटिहार जिले के लिए भेज दिए 37.87 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें- बिहार में 'फर्जी-मनगढ़ंत FIR' से कोर्ट चिंतित, सख्त लहजा अपनाते हुए 68 साल के बुजुर्ग को दी जमानत

