बिहार NEET UG काउंसलिंग शेड्यूल जारी: 10 अगस्त से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, 20 को आएगी पहली मेधा सूची
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा परिषद (बीसीईसीईबी) ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सहित स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण और काउंसलिंग ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
मेडिकल कोर्स में नामांकन के लिए पंजीकरण 10 अगस्त से शुरू।
नीट यूजी 2026 उत्तीर्ण अभ्यर्थी 14 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन।
काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन की विस्तृत तिथियां जारी की गईं।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा परिषद (बीसीईसीईबी) ने राज्य के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीभीएससी एंड एएच और बीएफएससी पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए पंजीयन व काउंसिलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है।
मेडिकल कॉलेजों में स्नातक स्तरीय कोर्स में नामांकन के लिए नीट यूजी, 2026 में क्वालीफाई अभ्यर्थी बीसीईसीईबी की वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से 10 अगस्त से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
14 अगस्त की रात 12:00 बजे से पहले तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व शुल्क जमा करने के लिए लिंक उपलब्ध होगा। रैंक कार्ड 16 अगस्त को जारी किया जाएगा।
इसके आधार पर अभ्यर्थी 17 अगस्त की रात 12:00 बजे से पहले पहले और दूसरे चरण के लिए च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे।
पहले चरण के नामांकन के लिए मेधा सूची का प्रकाशन 20 अगस्त को जारी की जाएगी। आवंटन पत्र डाउनलोड करने के लिंग व दस्तावेज सत्यापन 24 से 27 अगस्त तक होगा।
पहले चरण की काउंसिलिंग तीन व चार सितंबर को होगी। वहीं, दूसरे चरण के लिए सीट आवंटन के लिए च्वाइस फिलिंग के लिए लिंक छह व सात सितंबर को उपलब्ध होगा। दूसरे चरण के लिए सीट आवंटन सूची 11 सितंबर को जारी की जाएगी।
आवंटन पत्र 14 सितंबर से डाउनलोड होगा। वहीं, द्वितीय चरण के लिए 15 से 18 सितंबर तक काउंसिलिंग होगी। सीटें रिक्त होने की स्थिति में आगे के चरण की प्रक्रिया की जानकारी वेबसाइट के माध्यम से अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
रजिस्ट्रेशन के साथ तैयार रखें 13 दस्तावेज
सभी जरूरी प्रमाण पत्र अनंतिम सीट आवंटन डाउनलोड करते समय अपलोड करना होगा। अभ्यर्थी को दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया के समय मूल रूप में जमा करने होंगे।
बीसीईसीई ने अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन के साथ 13 तरह के दस्तावेज तैयार रखने को कहा है। इसमें नीट यूजी, 2026 का एडमिट कार्ड, नी यूजी, 2026 का स्कोर कार्ड, यूजीएमसी का रैंक कार्ड, मैट्रिक व समकक्ष परीक्षा का उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, मार्कशीट व प्रवेश पत्र, इंटरमीडिएट व समकक्ष परीक्षा का उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, मार्कशीट व एडमिट कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र, जरूरत के अनुसार जाति व ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, दिव्यांगता या अन्य लाभ के लिए संबंधित प्रमाण पत्र, यूजीएमसी-2026 के ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्र का डाउनलोड किया गया प्रिंट, निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में प्रवेश की आवश्यकताओं के अनुसार सभी प्रमाण पत्र व दस्तावेज मूल रूप में, पासपोर्ट आकार का छह छह फोटो जो नीट यूजी-2026 के एडमिट कार्ड पर चिपकाई गई थी, आधार कार्ड तथा डाउनलोड की गई चेक स्लिप के साथ बायोमेट्रिक पहचान रिपोर्ट फार्म का एक प्रति उपलब्ध कराना होगा।