बिहार पृथ्वी दिवस 2026 पर सीएम सम्राट चौधरी ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार पृथ्वी दिवस-2026 पर लोक सेवक आवास परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने और 11 सूत्री ...और पढ़ें
-1786295933422_m.webp)
सीएम सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री ने बिहार पृथ्वी दिवस पर पौधारोपण किया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए 11 सूत्री संकल्प जारी किया।
जल, बिजली बचाने और स्वच्छता अपनाने की अपील की।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास परिसर में पौधारोपण किया। बिहार पृथ्वी दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कल्पतरु एवं रुद्राक्ष का पौधा लगाया।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने एवं इसको लेकर लिए गए संकल्पों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर 11 सूत्री संकल्प जारी किया गया। ग्यारह सूत्री संकल्प में प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी सुरक्षा एवं देखभाल कर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प शामिल है।
इसके साथ ही अपने आसपास के तालाब, नदी, पोखर एवं अन्य जल स्रोतों को प्रदूषित नहीं करने और इसके लिए दूसरों को भी प्रेरित करने की ओर ध्यान आकृष्ट किया।
संकल्प पत्र में आवश्यकता से अधिक जल का उपयोग नहीं करने तथा इस्तेमाल के बाद नल बंद रखने, घर, विद्यालय और आस-पड़ोस में वर्षा जल संचयन के लिए परिवार के सदस्यों को प्रेरित करने पर भी बल दिया गया है।
बिजली का उपयोग आवश्यकतानुसार करने और घर से बाहर निकलते समय बिजली के बल्ब एवं पंखे बंद करने का संकल्प भी इसमें शामिल है।
कूड़ेदान में डालें कूड़ा
इसके साथ ही स्वच्छता को लेकर घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा कूड़े को कूड़ेदान में डालने की अपील की गई। प्लास्टिक और पालिथीन का उपयोग बंद कर कपड़े या कागज के थैलों का इस्तेमाल करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
ग्यारह सूत्री संकल्प में जीव-जंतुओं एवं पशु-पक्षियों के प्रति प्रेम का भाव रखने और यथासंभव उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने, नजदीक के कार्यों के लिए पैदल या साइकिल का उपयोग करने तथा कागज का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने पर भी बल दिया गया है।
साथ ही खुले में शौच नहीं करने और शौचालय का उपयोग करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह भी मौजूद थे।