बिहार: 11वीं में नामांकन के लिए आवेदन शुरू, 10 हजार स्कूलों में 17 लाख से ज्यादा सीटों पर मिलेगा मौका
बिहार में उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 11वीं कक्षा (सत्र 2026-28) के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 18 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
11वीं कक्षा में नामांकन प्रक्रिया 18 अप्रैल तक जारी।
10,003 संस्थानों में 17.50 लाख से अधिक सीटें उपलब्ध।
ऑनलाइन आवेदन OFSS बिहार वेबसाइट पर करें।
जागरण संवाददाता, पटना। राज्य के उच्च माध्यमिक विद्यालयों में (शैक्षणिक सत्र 2026-28) कक्षा 11वीं में नामांकन की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। विद्यार्थी 18 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राज्य के 10,003 शिक्षण संस्थानों में 17.50 लाख से अधिक सीटों पर 11वीं कक्षा में नामांकन लिया जाएगा।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने कहा है कि सामान्य आवेदन पत्र एवं सामान्य सूची पत्र समिति की वेबसाइट https://ofssbihar.net पर उपलब्ध है। बिहार बोर्ड संबद्ध स्कूलों में 11वीं कक्षा में अन्य बोर्ड के विद्यार्थी भी नामांकन ले सकते हैं।
फॉर्म संख्या सात और आठ ऑफलाइन भरा जाएगा
अगर विद्यार्थी जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना चाहते हैं तो उन्होंने निर्धारित डीआरसीसी केंद्र पर जाना होगा। डीआरसीसी के ऑपरेटर वेबसाइट https://ofssbihar.net पर जाकर जरूरत के अनुसार फार्म संख्या सात या फार्म संख्या आठ डाउनलोड कर प्रिंट निकाल सकते हैं।
विद्यार्थी ने जिस बोर्ड से 10वीं परीक्षा उत्तीर्ण की है उसके अनुसार डीआरसीसी के ऑपरेटर से मुद्रित फार्म भरेंगे। फॉर्म संख्या सात और आठ ऑफलाइन भरा जाएगा। विद्यार्थी सभी जानकारी अंग्रेजी के कैपिटल लेटर में भरेंगे।
नामांकन के लिए जारी की गई मेधा सूची
फॉर्म पूरी तरह भरने के बाद आवेदन फॉर्म को डीआरसीसी के ऑपरेटर को अपने एक रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ देंगे। डीआरसीसी के ऑपरेटर उस फार्म में भरी गई जानकारी को ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में भर देंगे।
परीक्षा समिति की ओर से कहा गया कि विद्यार्थी नामांकन प्रपत्र भरने से पहले ओएफएसएस के माध्यम से राज्य के विभिन्न इंटर स्तरीय शिक्षण संस्थानों में पिछले वर्ष (2025) में नामांकन के लिए जारी की गई मेधा सूची का कटऑफ अंक वेबसाइट पर देख लेंगें, फिर तय करें कि वे नामांकन किस इंटर स्तरीय शिक्षण संस्थान में प्राथमिकता के अनुसार लेना चाहते हैं।
खबरें और भी
न्यूनतम 10 व अधिकतम 20 विकल्प
विद्यार्थी ओएफएसएस के माध्यम से आवेदन भरते समय न्यूनतम 10 व अधिकतम 20 विकल्प चुन सकते हैं। विकल्प चुनने के बाद वह अंतिम माने जाएंगे और नामांकन प्रक्रिया के दौरान उन्हें बदला नहीं जाएगा। आवेदन शुल्क 350 रुपये निर्धारित है। आवेदन शुल्क जमा नहीं होने पर आवेदन प्रपत्र अस्वीकृत कर दिया जाएगा।