विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बदलेगा भवन निर्माण का नियम, मकान का नक्शा पास कराना होगा आसान

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:07 PM (GMT+05:30)

बिहार में शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए बिल्डिंग बायलाज के नियमों को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा।

HighLights

  1. बिल्डिंग बायलाज के नियम होंगे अधिक सरल और पारदर्शी।

  2. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने की उच्चस्तरीय बैठक।

  3. हितधारकों के सुझावों को प्रारूप में किया गया शामिल।

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के शहरों के सुनियोजित विकास को बढ़ावा देने के लिए बिल्डिंग बायलाज के नियम अधिक सरल और पारदर्शी बनाए जाएंगे।

नक्शा पास कराने से लेकर छोटे भूखंडों पर निर्माण जैसे नियमों को अधिक लचीला बनाया जाएगा। इसके साथ ही प्रक्रिया में लगने वाले समय को भी कम किया जाएगा।

इसको लेकर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को सिंचाई भवन स्थित सभागार में बिहार बिल्डिंग बायलाज-2026 के प्रारूप पर गठित उच्चस्तरीय मंत्रियों के समूह की बैठक आयोजित की गई।

आए महत्वपूर्ण सुझाव

इसमें शहरी विकास से जुड़े सभी हितधारकों (स्टाक होल्डर्स) ने इससे जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सह ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस महत्वपूर्ण विषय पर सुझाव देने और सकारात्मक सहयोग प्रदान करने के लिए सभी हितधारकों को धन्यवाद दिया और कहा कि इससे बिल्डिंग बायलाज को अधिक प्रभावी एवं जनउपयोग बनाने में मदद मिलेगी।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि नए बिल्डिंग बायलाज का प्रारूप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित बिहार के विजन के अनुरूप तैयार किया गया है।

बैठक के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रारूप का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बिल्डिंग बायलाज के प्रमुख प्रावधानों, नियामक प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा भवन निर्माण एवं शहरी विकास को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के लिए किए गए प्रावधानों की जानकारी दी।

इस अवसर पर बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा के साथ क्रेडाई, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, बिल्डर्स एसोसिएशन, बिहार चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि और फ्लैट मालिक शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- शिक्षक दिवस पर पटना में कांग्रेस की ‘कफन पदयात्रा’, भीख मांगी, पुलिस ने रोका तो सड़क पर लेटे कार्यकर्ता