बिहार बोर्ड के Half Yearly Exam 18 सितंबर से होंगे, स्मार्ट स्टडी से दूर करें परीक्षा का डर
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं।
-1788874548695_m.webp)
18 सितंबर से बिहार बोर्ड अर्धवार्षिक परीक्षा
HighLights
कक्षा 9वीं से 12वीं की अर्धवार्षिक परीक्षा तिथियां घोषित।
परीक्षाएं 18 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित होंगी।
छात्रों की तैयारी के लिए स्मार्ट स्टडी टिप्स भी शामिल।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तारीखों का एलान कर दिया है।
बोर्ड परीक्षाओं से पहले होने वाली इन परीक्षाओं का मुख्य उद्देश्य छात्रों की तैयारी का आकलन करना है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र नीचे दिए गए शेड्यूल को ध्यान से देख सकते हैं। आइए आपको यहां परीक्षा से संबंधित कुछ अहम तथ्य और टिप्स बताते हैं।
परीक्षा की मुख्य तारीखें
कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) की परीक्षाएं 18 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, कक्षा 9वीं और 10वीं (मैट्रिक) की परीक्षाएं 21 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक चलेंगी।
परीक्षा की पाली और समय
छात्रों की सुविधा के लिए परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक होगी।
वहीं, दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। बोर्ड के नियमों के अनुसार, सभी परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का एक्स्ट्रा समय दिया जाएगा।
परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए टिप्स
परीक्षा नजदीक आते ही मन में घबराहट या तनाव होना स्वाभाविक है। छात्र-छात्राएं इस तनाव को दूर करने और परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के लिए इन बातों का ध्यान रख सकते हैं।
स्मार्ट स्टडी और रिवीजन के टिप्स
नियमित रिवीजन: जितना सिलेबस अब तक पढ़ाया गया है, उसमें से ही परीक्षा में सवाल पूछे जाने होते हैं। ऐसे में अब नए टॉपिक पढ़ने के बजाय जो कुछ अभी तक पाठ्यक्रम में आपने पढ़ा है; उसका हर दिन रिवीजन करें। शॉर्ट नोट्स और फॉर्मूलों की लिस्ट बनाएं।
टाइम मैनेजमेंट: परीक्षा के लिए पहले से ही खुद को तैयार करें। एग्जाम हॉल में जाने से पहले तय करें कि किस प्रश्न को हल करने के लिए कितना समय देना है। इसके लिए घर पर भी मॉडल पेपर तय समय सीमा में हल करने का अभ्यास कर सकते हैं।
तनावमुक्त रहें: परीक्षा के तनाव को अपने ऊपर हावी न होने दें। पर्याप्त नींद लें, हल्का भोजन करें और पढ़ाई के बीच में छोटे-छोटे ब्रेक अवश्य लें।
सकारात्मक सोच: अपनी तैयारी पर पूरा भरोसा रखें। किसी भी प्रकार की नकारात्मकता या परीक्षा के डर को अपने पास न आने दें।
