बांकीपुर उपचुनाव: हर बूथ पर केंद्रीय सशस्त्र बल का पहरा, भरोसा बढ़ाने को फ्लैग मार्च
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। ...और पढ़ें

बांकीपुर उपचुनाव।
HighLights
सभी 422 बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा।
केंद्रीय बल और जिला पुलिस मिलकर फ्लैग मार्च करेंगे।
हर बूथ पर सीसीटीवी व लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं।
सभी 422 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनात रहेगा। केंद्रीय बल और जिला पुलिस संयुक्त रूप से पूरे विधानसभा क्षेत्र में फ्लैग मार्च करेंगे ताकि मतदाता बिना किसी भय के मतदान कर सकें।
हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरे व लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। मतदान समय पर शुरू हो इसके लिए मतदानकर्मी मतदान की पूर्व संध्या पर ही अपने-अपने बूथों पर पहुंच कर वहीं रात्रि प्रवास करेंगे।
सोमवार को समाहरणालय में केंद्रीय पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल, सामान्य प्रेक्षक शिव सहाय अवस्थी, व्यय प्रेक्षक शिव प्रताप सिंह, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कुंदन कुमार व एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने चुनाव से जुड़े सभी 21 कोषांगों के नोडल-सेक्टर पदाधिकारियों, पुलिस व केंद्रीय बलों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।
केंद्रीय पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल ने कहा कि सभी 422 बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र बल तैनात रहेंगे। केंद्रीय बल और जिला पुलिस संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च कर मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा पैदा करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया। सामान्य प्रेक्षक शिव सहाय अवस्थी ने निर्देश दिया कि सभी मतदान दल मतदान की पूर्व संध्या पर ही अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर रात्रि प्रवास करें, ताकि सुबह निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि मॉक पोल के दौरान निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन हो। इस उपचुनाव में दो बैलेट यूनिट का उपयोग होना है इसलिए सभी मतदानकर्मियों को उसकी तकनीकी जानकारी सुनिश्चित करने को कहा गया। जहां एक परिसर में कई बूथ हैं वहां मतदाताओं की कतार व्यवस्थित कराने के लिए फैसिलिटेटर तैनात किए जाएंगे।
वेबकास्टिंग से हर बूथ की निगरानी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और लाइव वेबकास्टिंग के जरिए मतदान प्रक्रिया की निगरानी होगी।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि ईवीएम में किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में आयोग के प्रोटोकाल के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करें। चुनावी सामग्री के परिवहन की पूरी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
बूथों पर मतदाता हेल्प डेस्क, भोजन, पेयजल और मतदान कर्मियों के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। जलजमाव वाले क्षेत्रों में नगर निगम को पहले से जलनिकासी कराने को कहा गया है।
व्यय प्रेक्षक शिव प्रताप सिंह ने कहा कि प्रत्याशियों के चुनावी खर्च की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और तथ्यपरक रिपोर्ट व्यय कोषांग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने जिला पुलिस, केंद्रीय बल और मतदान दल के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
यह भी पढ़ें- बांकीपुर में तेजस्वी की एंट्री से गरमाया चुनावी माहौल, क्या रेखा गुप्ता बिगाड़ सकती है BJP और PK की राह