अररिया से ₹12 करोड़ की मोबाइल चोरी मामले में 6 गिरफ्तार, कई राज्यों से 3658 मोबाइल बरामद
बिहार पुलिस की एसटीएफ ने अररिया में 12 करोड़ रुपये के मोबाइल चोरी मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अररिया मोबाइल चोरी मामले में छह अभियुक्त गिरफ्तार।
मुख्य साजिशकर्ता अनीस खान पंजाब से पकड़ा गया।
विभिन्न राज्यों से 3658 मोबाइल फोन बरामद हुए।
राज्य ब्यूरो, पटना। अररिया में ट्रक कंटेनर से करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन चोरी मामले का बिहार पुलिस की एसटीएफ ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में बीते एक माह में दिल्ली के करोलबाग, नेहरू प्लेस के साथ यूपी के नोएडा, मध्यप्रदेश के रतलाम, हरियाणा के पलवल व नूंह, पंजाब के लुधियाना व चंडीगढ़ समेत कई स्थानों पर छापेमारी हुई, जिसमें चोरी गए करीब 80 प्रतिशत यानी 3658 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।
इस मामले में अररिया नगर थाना में नौ जून को कांड संख्या 314/26 दर्ज हुआ था जिसमें मोबाइल से भरे ट्रक के चालक मो. तालिम और मो. साहिब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसआइटी की जांच में सबसे पहले अनवारूल को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर दिल्ली के करोलबाग से मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार दीपक गुप्ता और मोबाइल के थोक विक्रेता साहिल कुरैशी व कामिल को पकड़ा गया।
इनकी निशानदेही पर दिल्ली व नोएडा से सैकड़ों मोबाइल बरामद हुए। रतलाम से मुंबई जाने के दौरान आठ जुलाई को नईम खान को गिरफ्तार किया गया जिसकी निशानेदही पर 620 मोबाइल और 220 मोबाइल फोन की कीमत 6.97 लाख रुपये नकद तथा चोरी में प्रयुक्त आयशर ट्रक और स्कार्पियो बरामद किया गया।
पंजाब से पकड़ा गया था मुख्य साजिशकर्ता
हाल के दिनों में पुलिस को सबसे बड़ी सफलता 20 जुलाई को मिली, जब पंजाब के लुधियाना स्थित होटल से मुख्य साजिशकर्ता अनीस खान उर्फ अनीस विशंभरिया को गिरफ्तार किया गया।
उसकी निशानदेही पर अगले दिन हरियाणा के पलवल जिले से प्राथमिक अभियुक्त मो. तालिम के घर से 1638 मोबाइल फोन तथा होडल के भीरूकी गांव से 180 अन्य मोबाइल बरामद किए गए।
वहीं 23 जुलाई को चंडीगढ़ और नूंह में मोबाइल दुकानदरों से भी चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।