चैती छठ को लेकर पटना युद्धस्तर पर तैयार हो रहे 49 गंगा घाट, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
पटना नगर निगम चैती छठ महापर्व के लिए 49 गंगा घाटों की तैयारी में जुटा है। सफाई, बैरिकेडिंग और लाइटिंग का काम अंतिम चरण में है। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
49 गंगा घाटों पर सफाई, बैरिकेडिंग और लाइटिंग कार्य अंतिम चरण में।
नगर आयुक्त ने समय पर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु तीन स्तरीय बैरिकेडिंग, 24 घंटे निगरानी।
जागरण संवाददाता, पटना। चैती छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम ने राजधानी के गंगा घाटों और चिह्नित स्थलों पर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। निगम के अनुसार शहर के 49 घाटों पर सफाई, बैरिकेडिंग और लाइटिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यापक स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सभी घाटों पर तीन स्तरीय बैरिकेडिंग और मजबूत रेलिंग बनाई जा रही है।
संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों, अभियंताओं और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगम प्रशासन के मुताबिक, घाटों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। रंग-रोगन, मरम्मत और समतलीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को दुरुस्त कर आवागमन सुगम बनाया जा रहा है। प्रकाश व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
लाइटों को शनिवार तक दुरुस्त करने का निर्देश
सभी हाईमास्ट लाइटों को शनिवार तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित हो सके। साथ ही खुले तारों की जांच कर उन्हें तत्काल ठीक करने को कहा गया है।
खबरें और भी
कार्य निष्पादन में तेजी लाने के लिए घाट निर्माण, समतलीकरण, संपर्क पथ और पार्किंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने घाटों के एक किलोमीटर दायरे को ‘नो टालरेंस एरिया’ घोषित करते हुए साफ-सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी है।
24 घंटे निगरानी व्यवस्था लागू
सड़कों और ओवरब्रिज की धुलाई के लिए जेटिंग मशीनों की तैनाती की जा रही है। स्वच्छता प्रबंधन के तहत संपर्क पथों पर नियमित जल छिड़काव कराया जा रहा है और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसके अलावा सभी घाटों पर पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निगम ने 24 घंटे निगरानी व्यवस्था भी लागू की है। सभी अधिकारियों और कर्मियों को मोबाइल चालू रखने का निर्देश दिया गया है। अंचलवार अधिकारियों की तैनाती कर दैनिक निगरानी सुनिश्चित की जा रही है और मुख्यालय को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देना अनिवार्य किया गया है।