विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 26, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा ने किया दावा : इतिहास रचेगी हुंकार रैली

By Edited By:
Updated: Sat, 26 Oct 2013 04:04 AM (IST)

News Article Hero Image

पटना : भाजपा का दावा है कि 27 अक्टूबर को होने वाली हुंकार रैली अब तक की सभी रैलियों का रिकार्ड ध्वस्त कर देगी। इतिहास रचेगी। दरअसल, आम लोगों ने खुद इसके इंतजाम की जिम्मेदारियां उठा ली हैं।

बहरहाल, शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से बात करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज ने राज्य सरकार को चेतावनी दी कि वह रैली में बाधा पैदा करने की सोचे भी नहीं। राष्ट्रीय महामंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि रैली को लेकर पूरे प्रदेश में उत्सवी माहौल है। लोगों ने रैली के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अहंकार को तोड़ने की तैयारी कर ली है।

शाहनवाज के मुताबिक अल्पसंख्यकों को डरा कर उन्हें भाजपा से दूर रखने की रणनीति अब नहीं चलने वाली। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि राहुल का अल्पसंख्यकों को आइएसआइ से जोड़ना उनका अपमान है। राहुल को अपना बयान वापस लेना चाहिए। देश के तमाम बड़े दंगे कांग्रेस के शासनकाल में हुए। देश का सबसे बड़ा एनकाउंटर भी कांग्रेस के शासन में ही हुआ।

रूडी ने प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह को निशाने पर लिया। कहा कि प्रधानमंत्री ने सीबीआइ पूछताछ के लिए हामी भरी है। देश की जनता को उन पर भरोसा नहीं है। उन्हें पीएम पद से त्यागपत्र देकर पूछताछ में शामिल होना चाहिए। रूडी के अनुसार रैली को लेकर पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल है। नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी का अपमान किया था। अब जनता उन्हें जवाब देगी।

इधर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने रैली की तैयारियों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि हुंकार रैली बिहार की राजनीति में मील का पत्थर साबित होगी। रैली में महादलित तथा आदिवासी अपनी पूरी पारंपरिक सजधज के साथ आएंगे। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रवींद्र किशोर सिन्हा, विधायक नितिन नवीन, प्रेम रंजन पटेल, अरुण सिन्हा, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय मयूख आदि भी मौजूद थे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर