1025 अग्निवीरों ने भरी राष्ट्र सेवा की हुंकार; बिहार रेजिमेंटल सेंटर में भव्य पासिंग आउट परेड
बिहार रेजिमेंटल सेंटर, दानापुर में अग्निवीर योजना के सातवें बैच के 1025 अग्निवीरों ने 24 सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा कर पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। ...और पढ़ें

विशिष्ट प्रदर्शन के लिए अग्निवीर को सम्मानित करते मुख्य अतिथि।
HighLights
1025 अग्निवीरों ने 24 सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा किया।
राष्ट्र सेवा की शपथ ली, भारतीय सेना में शामिल हुए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को पदक मिले।
संवाद सहयोगी, दानापुर। बिहार रेजिमेंटल सेंटर में रविवार सुबह गौरव, अनुशासन और देशभक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
अग्निवीर योजना के तहत प्रशिक्षित बिहार रेजिमेंट के सातवें बैच के 1025 अग्निवीरों ने भव्य पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेते हुए भारतीय सेना में औपचारिक रूप से कदम रखा।
24 सप्ताह के कठोर सैन्य प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद ये युवा अब देश की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
परेड देख मंत्रमुग्ध हुए लोग
परेड मैदान में कदमताल करते अग्निवीरों के जोश, अनुशासन और आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के दौरान अग्निवीरों ने तिरंगे की गरिमा के समक्ष गीता, कुरान, गुरु ग्रंथ साहिब और बाइबिल पर हाथ रखकर राष्ट्र की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा की हर परिस्थिति में रक्षा करने की शपथ ली।
बिहार रेजिमेंटल सेंटर के दंडपाल लेफ्टिनेंट कर्नल अंकुर कुमार मिश्रा ने उन्हें शपथ दिलाई। समारोह के मुख्य अतिथि मेजर जनरल जयसिंह बैंसला, कर्नल ऑफ द बिहार रेजिमेंट एवं अतिरिक्त महानिदेशक, असम राइफल्स ने परेड का निरीक्षण किया।
उन्होंने नवप्रशिक्षित सैनिकों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय सेना का गौरवशाली इतिहास वीरता, त्याग और अनुशासन की परंपरा से बना है।
उन्होंने अग्निवीरों से आह्वान किया कि वे तिरंगे के प्रति अपनी शपथ को सदैव सर्वोपरि रखें और राष्ट्र सेवा में पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

अभिभावकों की आंखों में दिखा गर्व
पासिंग आउट परेड के दौरान अग्निवीरों के चेहरे पर जहां आत्मविश्वास और गर्व झलक रहा था, वहीं दर्शक दीर्घा में बैठे उनके माता-पिता और परिजनों की आंखों में भी खुशी और भावुकता साफ दिखाई दे रही थी।
समारोह में उपस्थित सैन्य अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों ने जवानों की शानदार ड्रिल, अनुशासन और सैन्य दक्षता की सराहना की।
इस अवसर पर अग्निवीरों के माता-पिता को राष्ट्र और सेना के प्रति उनके योगदान के सम्मान स्वरूप ‘गौरव पदक’ प्रदान किया गया। यह क्षण समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण पल साबित हुआ।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीर सम्मानित
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को विशेष पदकों से सम्मानित किया गया।
- बेस्ट इन फायरिंग मेडल – गोल्फ कंपनी के अग्निवीर दयाराम चिचम को फायरिंग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर प्रदान किया गया।
- बेस्ट इन पीटी मेडल – गोल्फ कंपनी के अग्निवीर निमल नगेसिना को शारीरिक दक्षता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
- बेस्ट इन ड्रिल मेडल – गोल्फ कंपनी के अग्निवीर गुलाब धुर्वे को ड्रिल में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर यह सम्मान मिला।
- बेस्ट रिक्रूट ऑफ द बैच – प्रशिक्षण के सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गुलाब धुर्वे को बैच का सर्वश्रेष्ठ रिक्रूट घोषित किया गया।
![Agniveer 2]()
अब देशभर की सैन्य इकाइयों में देंगे सेवाएं
राष्ट्रगान और जोशीले सैन्य नारों के साथ समारोह का समापन हुआ। पासिंग आउट परेड के बाद सभी 1025 अग्निवीर भारतीय सेना की विभिन्न इकाइयों और सैन्य प्रतिष्ठानों में तैनात होकर राष्ट्र सेवा का दायित्व निभाएंगे।
यह आयोजन केवल एक सैन्य परंपरा का निर्वहन नहीं था, बल्कि देश की युवा शक्ति, सैन्य अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रेरक प्रदर्शन भी था। बिहार रेजिमेंटल सेंटर का यह ऐतिहासिक क्षण अग्निवीरों, उनके परिवारों और पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गया।
