इंटर की छात्रा को घुमाने के नाम पर ले गया पटना, दो दिनों तक किया दुष्कर्म, पुलिस ने दबोचा
शेखपुरा की एक 17 वर्षीय छात्रा को दोस्ती की आड़ में पटना ले जाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपी सोनू कुमार ने 13 और 14 अप्रैल को घटना को अंजाम दिया और फरार ...और पढ़ें

इंटर की छात्रा से पटना में दुष्कर्म। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। दोस्ती की आड़ में पटना ले जाकर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।
इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपित युवक सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक नालंदा जिले के पावापुरी का रहने वाला है।
लड़की के घर के पास किराये के मकान में रहता था आरोपित
शेखपुरा के महिला थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार मिशन थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी इंटर की छात्रा है।
थानाध्यक्ष ने रिशु कुमारी ने बताया कि लड़की के घर के पास ही सोनू किराये के मकान में रहता था। आए दिन दोनों आमने-सामने होते थे।
इसी क्रम में दोनों का परिचय हुआ। इसके बाद दोनों में अक्सर बातचीत होने लगी। युवक ने दोस्ती का हाथ बढ़ाया। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। दोस्ती की आड़ में युवक उसे बहलाने-फुसलाने लगा।
पटना घुमाने के नाम पर ले गया
इसी क्रम में 13 अप्रैल को वह उसे पटना घुमाने के नाम पर घर से ले गया। वहां किसी अंजान स्थान पर 13 एवं 14 अप्रैल को उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद लड़की ने मोबाइल पर कॉल कर अपने स्वजनों को सूचना दी तब घर के लोग पटना गए और उसे लेकर आए।
इसके बाद महिला थाने में एफआईआर की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है आरोपित युवक शराब की तस्करी में भी पहले जेल जा चुका है।