नालंदा में पंचायत समिति सदस्य की गोली मारकर हत्या, गुस्साए गांव वालों ने किया सड़क जाम
एकंगरसराय में अमनार खास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की रविवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
एकंगरसराय में पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की गोली मारकर हत्या।
अज्ञात अपराधियों ने मोटरसाइकिल से लौटते समय तारापुर गांव के पास मारी गोली।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ एकंगरसराय चौक जाम कर विरोध जताया।
संवाद सूत्र, एकंगरसराय। एकंगरसराय प्रखंड के अमनार खास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की रविवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना करीब सात बजे एकंगरसराय-इस्लामपुर मार्ग पर तारापुर गांव से आगे हुई। अज्ञात अपराधियों ने मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे श्याम प्रसाद को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, श्याम प्रसाद रविवार शाम एकंगरसराय से काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने गांव जगाय लौट रहे थे।
तारापुर गांव से आगे पहुंचते ही अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल एकंगरसराय स्थित डॉ. नरेंद्र प्रसाद के क्लीनिक पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
श्याम प्रसाद पंचायत समिति सदस्य होने के साथ डॉ. नरेंद्र प्रसाद के क्लीनिक में कंपाउंडर का भी काम करते थे। रोज की तरह रविवार को भी काम खत्म करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया।
घटना के बाद एकंगरसराय चौक पर जाम
हत्या की खबर मिलते ही मृतक के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकंगरसराय पहुंच गए। घटना से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने शव के साथ एकंगरसराय चौक को जाम कर दिया।
चौक पर लोगों की भीड़ जुटने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आक्रोशित लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और हत्या के कारणों का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया है।
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई में जुटी है।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
घटना की खबर से मृतक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश है। लोग आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।