क्रिकेटर रिंकू को राजगीर में हुआ पक्षी जैसा एहसास, ग्लास स्काई वॉक पर पहुंचे, नेचर सफारी देख हुए अभिभूत
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने यूपी टीम के खिलाड़ियों के साथ राजगीर की वाइल्ड जू सफारी और नेचर सफारी का ...और पढ़ें

जू सफारी परिसर स्थित स्टेच्यू गार्डन एंड सेल्फी प्वाइंट फोटो सेशन के दौरान क्रिकेटर की टीम।
संवाद सहयोगी, राजगीर। पंच पर्वतीय वनक्षेत्र श्रृंखला के बीच प्राकृतिक सह नैसर्गिक सौंदर्य की गोद में स्थित वाइल्ड जू सफारी एवं नेचर सफारी का भ्रमण करने शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह पहुंचे।
यूपी टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ यहां की प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीवों, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विशेषताओं का अवलोकन भी किया।
भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने जू सफारी में वन्यजीवों के प्राकृतिक परिवेश तथा नेचर सफारी में प्रकृति के मनोरम दृश्यों का आनंद लिया।
राजगीर की खूबसूरत वादियों को देख हुए मुग्ध
राजगीर की खूबसूरत वादियों और समृद्ध जैव विविधता ने खिलाड़ियों को आकर्षित किया। यह भ्रमण खेल, प्रकृति और पर्यटन के अनूठे संगम का एक विशेष अवसर रहा।
जू सफारी एवं नेचर सफारी बिहार में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों का यहां आगमन राजगीर के पर्यटन आकर्षण को और अधिक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा सकता है।
इस प्रकार के भ्रमण से बिहार के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है तथा युवाओं और खेल प्रेमियों को प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलती है।
ग्लास स्काई वाक ब्रिज का अनुभव शानदार
क्रिकेटर रिंकू सिंह ने कहा कि जू सफारी में वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देखना बेहद रोमांचक और ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। वहीं ग्लास स्काई वाॅक ब्रिज पर चहलकदमी पक्षी की उड़ान का एहसास कराया।
यहां की हरियाली, शांत वातावरण और वन्यजीवों की विविधता ने मुझे बहुत प्रभावित किया। जू सफारी और नेचर सफारी प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
मैं सभी युवाओं और खेल प्रेमियों से अपील करता हूं कि वे ऐसे प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
