NEET सॉल्वर गैंग केस में पावापुरी मेडिकल कॉलेज पर छापेमारी, IB और पुलिस ने खंगाले हॉस्टल के कमरे
नीट पेपर से जुड़े कथित सॉल्वर गैंग मामले में IB और स्थानीय पुलिस ने भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (पावापुरी मेडिकल कॉलेज) पर छापेमारी की। अधिकारिय ...और पढ़ें

पावापुरी मेडिकल कॉलेज
संवाद सूत्र, गिरियक(नालंदा)। नीट पेपर से जुड़े कथित सॉल्वर गैंग मामले में Bhagwan Mahavir Institute of Medical Sciences में आईबी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की।
कार्रवाई में पावापुरी सहायक थाना, गिरियक और कतरीसराय थाना की पुलिस टीम शामिल रही। अधिकारियों ने घंटों तक मेडिकल कॉलेज परिसर और हॉस्टल में जांच-पड़ताल की।
हॉस्टल के कमरों का ताला तोड़कर तलाशी
जांच टीम ने इंटर्न हॉस्टल के कमरा नंबर 110 और टाइप-4 आवास के कमरा नंबर 502 व 503 की तलाशी ली।
बताया जा रहा है कि कमरा नंबर 110 में कथित सॉल्वर गैंग का मुख्य सरगना अवधेश कुमार रहता है, जबकि 502 में उज्ज्वल और राजा बाबू का ठिकाना बताया गया है। अधिकारियों की मौजूदगी में कमरों का ताला तोड़कर गहन जांच की गई।
उज्ज्वल और अमन बताए जा रहे रिश्तेदार
सूत्रों के अनुसार उज्ज्वल और अमन आपस में मौसेरे भाई हैं और दोनों एक ही हॉस्टल में साथ रहते थे।
जांच एजेंसियां इनके आपसी संपर्क, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
जूनियर डॉक्टरों और अधिकारियों से पूछताछ
आईबी की टीम ने मेडिकल कॉलेज के कई अधिकारियों और जूनियर डॉक्टरों से भी पूछताछ की।
इस दौरान कॉलेज से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई। हालांकि अब तक मामले में किसी भी अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सुपरिटेंडेंट चैंबर में चली लंबी पूछताछ
जांच में शामिल आईबी की दो सदस्यीय टीम कॉलेज के सुपरिटेंडेंट चैंबर में बैठकर देर तक पूछताछ करती रही।
टीम का कहना है कि अवधेश और उज्ज्वल के कमरों से मिले सामान और दस्तावेजों की जांच जारी है। आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे हो सकते हैं।