नालंदा में खुला बिहार का पहला जीविका दीदी हाट, महिलाओं को मिलेगा रोजगार; किसानों की भी बल्ले-बल्ले
एकंगरसराय के तेल्हाड़ा में बिहार का पहला 'जीविका दीदी हाट' शुरू हुआ है। यह हाट ग्रामीण लोगों को स्वस्थ और स्वच्छ पोषणयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएगा ...और पढ़ें

जीविका हाट का निरीक्षण करते ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव व वित्तीय सलाहकार तनुजा ठाकुर खालको।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, एकंगरसराय। ग्रामीण क्षेत्रों में पोषणयुक्त खाद्य बाजार को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत एकंगरसराय प्रखंड के तेल्हाड़ा में ‘जीविका दीदी हाट’ का संचालन शुरू किया गया है। यह बिहार का पहला ऐसा हाट है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण लोगों को स्वस्थ, सुलभ और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
इस हाट में सब्जियां, फल, दूध सहित अन्य पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 70 से 90 प्रतिशत पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ बाजारों से ही प्राप्त होते हैं, इसलिए सरकार ने इस दिशा में सुधार को प्राथमिकता दी है।
यह हाट पारंपरिक बाजारों से अलग है और इसे स्थानीय स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों द्वारा संचालित किया जा रहा है। इससे न केवल ग्रामीण उपभोक्ताओं को बेहतर विकल्प मिल रहे हैं, बल्कि स्थानीय किसानों को बाजार और महिलाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।
हाट में कुल 26 दुकानों का संचालन किया जा रहा है। इनमें किराना, फल-सब्जी, जूस व पेय पदार्थ, प्रसाधन सामग्री, जूते-चप्पल, सौंदर्य केंद्र, जन औषधि केंद्र, सुधा डेयरी, ‘दीदी की रसोई’, ग्राहक सेवा केंद्र तथा सिलाई केंद्र जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सिलाई केंद्र के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास से भी जोड़ा जा रहा है।
खबरें और भी
यह हाट पोषणयुक्त खाद्य उपलब्धता, खाद्य बर्बादी में कमी, स्वच्छता व खाद्य सुरक्षा, महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तथा पोषण संबंधी जागरूकता जैसे पांच प्रमुख बिंदुओं पर आधारित है। इस पहल को जीविका के नेतृत्व में ‘इन्फ्यूजन (पोषण उन्मुख खाद्य बाजार नवाचार)’ परियोजना के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय संस्थानों का सहयोग मिल रहा है।
मंगलवार को ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव व वित्तीय सलाहकार तनुजा ठाकुर खालको तथा निदेशक शैलेश कुमार ने हाट का निरीक्षण किया और इसकी सराहना की।
इस मौके पर जीविका के प्रोजेक्ट प्रबंधक मनोज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रखंड परियोजना प्रबंधक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह हाट ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भविष्य में राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे हाट खोले जाएंगे।