Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बस सेवा से लेकर निजी गाड़ी तक; बिहार में युवाओं के रोजगार का मॉडल, 30 दिन में 86 हजार DL जारी

    Updated: Wed, 04 Feb 2026 06:38 PM (IST)

    मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास कर रहा है। राज्य में परिवहन निगम की बस सेवाओं का विस्तार हो रहा है, जि ...और पढ़ें

    कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार। जागरण

    कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार। जागरण

    HighLights

    1. एक महीने में सभी चालू बस रूटों पर सेवा शुरू होगी।

    2. युवाओं को परिवहन योजना में सब्सिडी, महिलाओं को स्वरोजगार सहायता।

    3. शिक्षा और सड़क विकास से ग्रामीण जीवन में सुधार होगा।

    संवाद सूत्र, सिलाव (बिहारशरीफ)। ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

    आज बिहार की पहचान सिर्फ देश तक सीमित नहीं रही, बल्कि विदेशों में भी यहां के विकास मॉडल की चर्चा हो रही है।

    उन्होंने कहा कि राज्य के हर कोने को जोड़ने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बस सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

    सभी चालू रूटों पर एक महीने के भीतर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

    युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर सरकार का फोकस

    मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल की गई है।

    • हर पंचायत में पांच बेरोजगार युवाओं को बड़ी गाड़ियां उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

    • बड़ी गाड़ी पर 5 लाख रुपये तक की सब्सिडी और

    • छोटी गाड़ी पर 1 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।

    इसके लिए युवाओं को केवल ड्राइविंग लाइसेंस लेकर आवेदन करना होगा। उन्होंने बताया कि बीते एक महीने में ही 86 हजार से अधिक लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं, जिससे योजना के प्रति युवाओं की बढ़ती दिलचस्पी साफ झलकती है।

    महिलाओं की आजीविका को मिल रहा नया सहारा

    मंत्री ने कहा कि राज्य के एक करोड़ 56 लाख परिवारों की एक महिला सदस्य को स्वरोजगार के लिए सरकार 10-10 हजार रुपये की सहायता दे चुकी है।

    रोजगार को आगे बढ़ाने के लिए अब दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक मदद भी दी जाएगी, ताकि महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

    गांव में शिक्षा और सड़क से बदलेगी तस्वीर

    इससे पूर्व मंत्री ने वेन प्रखंड के गंगटी गांव में सरदार वल्लभ भाई पटेल उच्च विद्यालय में 28 लाख 32 हजार रुपये की लागत से बने दो मंजिला, दो कमरों वाले भवन तथा पांच लाख रुपये की लागत से हुए पीसीसी ढलाई कार्य का उद्घाटन किया।

    उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। शिक्षा ऐसा अनमोल रत्न है, जिसे कोई छीन नहीं सकता। आज बिहार के विद्यालयों में विषयवार शिक्षक, पर्याप्त कक्ष, शौचालय, बरामदा और पुस्तकालय जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि गांव के बच्चे भी बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकें।

    कार्यक्रम में प्रखंड जदयू अध्यक्ष अरविंद पटेल, पूर्व मुखिया संतोष कुमार, सुधीर कुमार, दिनेश कुमार, लक्ष्मी प्रसाद, अनिल पासवान, रामोतार केवट सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

    विकास कार्यों के उद्घाटन से गांव में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने इसे शिक्षा व रोजगार की दिशा में मजबूत कदम बताया।

    खबरें और भी