काला चश्मा, काउबॉय हैट और खुली जीप… अनंत सिंह का 200KM लंबा रोड शो; नीतीश के गढ़ में अनुज सिंह के लिए मांगे वोट
पटना स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मोकामा विधायक अनंत सिंह ने नालंदा में 200 किमी लंबा रोड शो किया। उन्होंने ...और पढ़ें
HighLights
अनंत सिंह ने नालंदा में अनुज सिंह के लिए 200 किमी रोड शो किया।
जदयू एमएलसी नीरज कुमार पर 'पुदीना सिंह' वाला तंज कसा।
पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में प्रचार अभियान तेज हुआ।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ(नवादा)। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जदयू विधायक अनंत सिंह पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर प्रचार कर रहे हैं। वह जनसुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में मैदान में उतर चुके हैं।
इसी क्रम में बुधवार को अनंत सिंह अपने समर्थकों और वाहनों के काफिले के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा पहुंचे।
काउबॉय हैट और काले चश्मे में दिखा अनंत सिंह का अलग अंदाज
नालंदा में अनंत सिंह अपने खास अंदाज में नजर आए। वह लाल गाड़ी पर सवार थे और उन्होंने काउबॉय हैट के साथ काला चश्मा पहन रखा था।
उनके साथ समर्थकों और वाहनों का काफिला भी चल रहा था। उनके पहुंचते ही समर्थकों ने ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। पूरे रास्ते समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
अनुज सिंह के समर्थन में दिखाई ताकत
अनंत सिंह का यह रोड शो पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी माहौल के बीच हुआ। वह लगातार डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।
नालंदा में उनके पहुंचने को नीरज कुमार के समर्थन में चल रहे अभियान के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, अनंत सिंह ने चुनावी जीत को लेकर पूछे गए सवाल पर संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, ‘जीतेंगे।’ इसके बाद वह अपने काफिले के साथ आगे बढ़ गए।
नीतीश के गढ़ में नीरज और अनुज के बीच सियासी मुकाबला
नालंदा को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में यहां जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह का प्रचार करना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
मंगलवार को नीतीश कुमार के पुत्र एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नालंदा में नीरज कुमार के समर्थन में प्रचार किया था। उन्होंने मंच से मतदाताओं से नीरज कुमार को जिताने की अपील की थी।
निशांत के प्रचार के अगले दिन पहुंचे अनंत सिंह
निशांत कुमार के नीरज कुमार के पक्ष में प्रचार करने के अगले ही दिन अनंत सिंह का नालंदा पहुंचना चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना रहा है।
एक ओर निशांत कुमार पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं को साधने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर अनंत सिंह डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। दोनों नेताओं के अलग-अलग उम्मीदवारों के समर्थन में उतरने से चुनावी चर्चा तेज हो गई है।
जदयू के भीतर क्या संदेश दे रहा है अनंत सिंह का रुख?
एक ही चुनाव में जदयू विधायक का पार्टी प्रत्याशी के विरोध में दूसरे उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करना कई राजनीतिक सवाल खड़े करता है।
खासकर नालंदा जैसे क्षेत्र में, जिसे नीतीश कुमार का मजबूत राजनीतिक आधार माना जाता है, अनंत सिंह की सक्रियता पर सबकी नजर है।
अब देखना होगा कि उनके प्रचार का चुनावी समीकरण पर कितना असर पड़ता है और मतदाता किस उम्मीदवार के पक्ष में अपना समर्थन जताते हैं।
यह भी पढ़ें- खुली जीप में अनुज संग अनंत, लगे 'नीतीश-ललन जिंदाबाद' के नारे; प्रशांत किशोर की जनसुराज का शक्ति प्रदर्शन
