Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खुदीराम बोस को सलाम करने बंगाल से आएंगे पूर्व सैनिक, चिताभूमि पर समर्पित करेंगे तिरंगा

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 05:00 AM (IST)

    पश्चिम बंगाल के पूर्व सैनिक मुजफ्फरपुर में अमर बलिदानी खुदीराम बोस की चिताभूमि पर तिरंगा समर्पित करेंगे। यह यात्रा उनके बलिदान को नमन करने और नई पीढ़ी ...और पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में शहीद खुदी राम बोस केन्द्रीय कारा के चले पूर्व सैनिक।

    मुजफ्फरपुर में शहीद खुदी राम बोस केन्द्रीय कारा के चले पूर्व सैनिक।

    अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर । जिस मिट्टी में अमर बलिदानी खुदीराम बोस की अंतिम स्मृतियां बसी हैं, वहां सोमवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व सैनिकों की टोली तिरंगा लेकर पहुंचेगी। आजादी के इस युवा नायक की चिताभूमि पर राष्ट्रीय ध्वज समर्पित कर पूर्व सैनिक उनके बलिदान को नमन करेंगे। पश्चिम बंगाल से चलकर आ रही यह टोली अपने साथ श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति का संदेश लेकर पहुंच रही है।

    बंगाल से चला श्रद्धा का कारवां

    बर्द्धमान स्काईगार्ड्स वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में भारतीय वायुसेना के पूर्व सैनिकों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को पश्चिम बंगाल से रवाना हुआ। संगठन का यह पहला मुजफ्फरपुर दौरा है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य खुदीराम बोस के जीवन और बलिदान से जुड़े स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

    वैनी से शुरू होगी यात्रा

    मुजफ्फरपुर पहुंचने से पहले प्रतिनिधिमंडल समस्तीपुर के वैनी स्थित खुदीराम बोस स्मारक पहुंचेगा। वहां श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद टोली मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होगी। वैनी का स्मारक खुदीराम बोस के संघर्ष और बलिदान की स्मृतियों से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है।

    कारा और फांसी स्थल पर नमन

    मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद पूर्व सैनिक अमर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा जाएंगे। इसके बाद फांसी स्थल और चिताभूमि पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। चिताभूमि पर तिरंगा समर्पित करना इस यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। पूर्व सैनिकों का मानना है कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले युवा क्रांतिकारी की स्मृति में तिरंगा समर्पित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

    खबरें और भी

    पहली बार मुजफ्फरपुर आ रहा संगठन

    टीम लीडर और संगठन के अध्यक्ष जूनियर वारंट आफिसर सुप्रिय गांगोपाध्याय ने बताया कि बर्द्धमान स्काईगार्ड्स वेलफेयर एसोसिएशन पहली बार मुजफ्फरपुर आ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में मानद फ्लाइंग आफिसर अबुल हसनात चौधरी, सचिव सार्जेंट निर्मल्य बनर्जी, सार्जेंट सैयद अली अहसान और बुद्धदेव गांगोपाध्याय शामिल हैं।

    बलिदान की धरती पर देशभक्ति का संदेश

    पूर्व सैनिकों की यह यात्रा सिर्फ श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है। यह नई पीढ़ी को भी उस युवा क्रांतिकारी की कहानी से जोड़ने का प्रयास है, जिसने कम उम्र में देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। चिताभूमि पर फहराता तिरंगा उनके बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की याद को और जीवंत करेगा।