बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस पर लगातार दूसरे दिन पत्थरबाजी, खिड़की का शीशा टूटा
Vande Bharat Stone Pelting: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जांच तेज कर दी है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा र ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की कई घटनाएं आ चुकीं सामने। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Railway Security RPF: मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर लगातार दूसरे दिन पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। इस वारदात से यात्रियों में दहशत का माहौल है, हालांकि गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं लगी।
शुक्रवार की सुबह मेहसी और महवल स्टेशन के बीच अज्ञात शरारती तत्वों ने ट्रेन को निशाना बनाते हुए पत्थर फेंके। इस दौरान सी-2 कोच के बर्थ संख्या 38 और 39 के पास खिड़की का शीशा टूट गया।
गुरुवार को भी हुई थी घटना
इससे पहले गुरुवार की शाम कपरपुरा और कांटी स्टेशन के बीच भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसमें सी-5 कोच की सीट संख्या 30, 31 और 32 के सामने का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। इसके लिए एक अधिकारी को गोरखपुर भेजा गया है, जहां से संबंधित फुटेज जुटाई जाएगी।
स्थानीय खुफिया तंत्र सक्रिय
रेलवे ने घटनास्थल के आसपास स्थानीय खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया है और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर भरत प्रसाद ने बताया कि आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई नाबालिग शामिल पाया जाता है तो उसके अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अभिभावकों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं से रेल यात्रियों में भय का माहौल बना हुआ है।