विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में लाखों लोगों की पेंशन रुकी, लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं करने पर बढ़ी परेशानी

Updated: Fri, 08 May 2026 12:51 PM (IST)

Life Certificate: मुजफ्फरपुर जिले में लगभग पौने दो लाख लोगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन जीवन प्रमाणीकरण अपडेट न होने के कारण रुक गई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में 1.74 लाख पेंशनभोगियों की पेंशन रुकी।

  2. जीवन प्रमाणीकरण अपडेट न होने से हुआ यह।

  3. मृत पेंशनभोगियों से राशि वसूली के निर्देश।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जिले के लगभग पौने दो लाख लोगों का जीवन प्रमाणीकरण अपडेट नहीं होने के कारण सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद हो गई है।

पूरे बिहार में संख्या करीब 37 लाख है। सरकार के निर्देश के बाद जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सभी बीडीओ को शिविर लगाकर नि:शुल्क जीवन प्रमाणीकरण कराने को कहा है। सबसे अधिक मुशहरी प्रखंड में मामला लंबित है।

विदित हो कि सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने बिहार के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी को उक्त योजना के पेंशनधारियों जीवन प्रमाणीकरण को लेकर पत्र भेजा था।

इसमें कहा गया था कि मार्च से 37.28 लाख पेंशनधारियों को पेंशन नहीं भेजा जा सका है। यह इसलिए कि उनका जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। पटना जिले में इसकी संख्या सर्वाधिक बताई गई। यह संख्या 2 लाख 18 हजार है।

मुजफ्फरपुर में यह संख्या एक लाख 90 हजार थी। इनमें से करीब 15 हजार का जीवन प्रमाणीकरण अपडेट करा दिया गया है। इसके बावजूद भी एक लाख 74 हजार 284 का जीवन प्रमाणीकरण अपडेट नहीं हो सका है।

प्रचार-प्रसार के साथ पंचायतवार शिविर लगाएं

जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को पंचायतवार शिविर लगाने को कहा है। इसका प्रचार-प्रसार भी करने को कहा है। रोस्टर के साथ आवश्यक कर्मियों एवं कामन सर्विस सेंटर के वालेंटियर्स को तैनात किया जाए।

जिन पेंशनधारियों का बायोमीट्रिक से जीवन प्रमाणीकरण नहीं हो पा रहा है उनका भौतिक सत्यापन के आधार पर ऐसा किया जा सकता है। भौतिक सत्यापन के आधार पर जीवन प्रमाणीकरण पेंशनधारियों की सूचना पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया है।

मृत पेंशनधारियों की राशि की होगी वसूली 

माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में ऐसे पेंशनधारियों के खाते में पेंशन जा रही थी जिनका निधन हो गया है। जीवन प्रमाणीकरण के दौरान ऐसे मामले सामने आने के बाद पेंशन की राशि वसूली करने का भी निर्देश दिया गया है। वहीं, मृत पेंशनधारियों के नाम के आग डेथ मार्क करने को कहा गया है।

किस प्रखंड के कितने मामले लंबित

प्रखंड लंबित मामले
औराई 9,260
बंदरा 5,453
मोतीपुर 11,842
मुरौल 3,552
गायघाट 8,285
कांटी 11,815
कटरा 7,892
कुढ़नी 17,064
मड़वन 5,822
मीनापुर 11,882
मुशहरी 22,531
पारू 13,796
साहेबगंज 10,195
सकरा 1,030
सरैया 12,913
कुल 1,74,284

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर क्लब की 9.43 एकड़ जमीन पर बिहार गुरुद्वारा समन्वय समिति ने ठोका दावा

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के 300 प्राइवेट स्कूलों पर हो सकता है एक्शन, आयुक्त ने DEO को दिए सख्त निर्देश