विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में हॉर्न बजाने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने जलाए कई घर

By Prem Shankar MishraEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 18 Oct 2026 10:44 AM (IST)

मुजफ्फरपुर में हॉर्न बजाने के मामूली विवाद में 20 वर्षीय युवक नवनीत कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में युवक की हत्या के बाद आरोपित का आक्रोशितों ने इस तरह घर फूंक दिया।

मुजफ्फरपुर में युवक की हत्या के बाद आरोपित का आक्रोशितों ने इस तरह घर फूंक दिया।

HighLights

  1. हॉर्न बजाने के विवाद में 20 वर्षीय युवक की हत्या।

  2. आक्रोशित भीड़ ने महादलित बस्ती के नौ घर जलाए।

  3. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, बल तैनात।

जागरण संवाददाता (मड़वन) मुजफ्फरपुर। साइड लेने के लिए हार्न बजाने के विवाद में 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना शनिवार की देर रात करजा थाना क्षेत्र के परतापुर महादलित बस्ती के समीप करजा फंदा सड़क की है।

मृत युवक की पहचान महम्मदपुर खाजे निवासी राजेश्वर राय के 20 वर्षीय पुत्र नवनीत कुमार के रूप में हुई। वहीं, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रविवार की सुबह शव को घटनास्थल पर रखकर सड़क को जाम कर दिया।

इस बीच कुछ आक्रोशित लोगों का झुंड महादलित बिस्ती पहुंच गया और लगभग नौ घरों को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, आग लगने से घर में रखे अनाज, कपड़े, बर्तन, कई साइकिल, नकदी सहित लाखों की संपत्ति जलकर भी खाक हो गया।

हालांकि, मृतक पक्ष के लोगों का कहना था कि घटना में शामिल लोगों ने बचाव में खुद ही घर में आग लगा ली। वहीं, सूचना पर पहुंची दमकल की छोटी व एक बड़ी गाड़ी के अग्निशमन कर्मियों ने तीन घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को नियंत्रण में लिया। इस दौरान ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर, एसडीओ पश्चिम कुमारी स्नेहा, सीडीपीओ सरैया अभिजीत कौर, जैतपूर, पानापुर, कांटी व सदर थाने की पुलिस के साथ-साथ पुलिस लाइन से भारी संख्या में पुलिस बल को बुलाकर दोनों जगह पर तैनात किया।

हार्न बजाने के विवाद में घटना को अंजाम

मामले को लेकर महम्मदपुर खाजे निवासी बृज बिहारी राय के पुत्र सुभाष कुमार के बयान पर करजा थाने में मामला चार नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है।

दर्ज मामले के अनुसार शनिवार की शाम महम्मदपुर खाजे निवासी सुभाष अपने चाचा राजेश कुमार राय के पुत्र 20 वर्षीय नवनीत कुमार के साथ बाइक से परतापुर स्थित मनोकामना मंदिर से दर्शन कर चैनपुर चौक जा रहा था। इसी दौरान महादलित बस्ती के समीप साइड के लिए हार्न बजाया।

इसी को लेकर लेकर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग गाली गलौच करने लगे। जब नवनीत ने गाली गलौच करने से मना किया तो वे लोग मारपीट पर उतारू हो गए। इसी दौरान बगल के तारी दुकान पर तारी पी रहे कुछ और लोग मौके पर पहुंच गए व मारपीट करने लगे।

नवनीत के कमर से बेल्ट खींचकर गले में लपेट कुछ लोग बसवारी के तरफ ले गए। जबकि, सुभाष को मारपीट करते हुए दूसरी तरफ ले गए। इसी बीच मौका पाकर सुभाष वहां से भाग खड़ा हुआ और गांव में लोगों को खबर दी।

सूचना पर गांव के लोग दौड़े इसके बाद आरोपित गंभीर अवस्था में नवनीत को छोड़कर भाग खड़े हुए। इसके बाद नवनीत के स्वजन व ग्रामीण दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़वन ले गए,जहां से चिकित्सकों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने नवनीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुभाष को इलाज के बाद छोड़ दिया।

पुलिस ने तीन लोगों को हिरसात में लिया

पुलिस ने घटना में शामिल आरोपित करजा डीह पंचायत के प्रतापपुर महादलित वस्ती के राजा राम, जितेंद्र राम, संजीत राम व रौशन राम को हिरासत में ले लिया। वहीं एसकेएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया।

तनाव को देखते हुए दोनों गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इधर, शव आते ही आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय लोग मामले में एफआइआर दर्ज करने के साथ-साथ घटना की जांच कर उसमे शामिल सभी को पकड़ने व कार्रवाई करने की मांग को लेकर अड़ गए।

मौके पर पहुंचे स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह, ग्रामीण एसपी व अन्य पुलिस पदाधिकारी के समझाने बुझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए व शव को दाह संस्कार के लिए ले गए।

यह भी पढ़ें- बिहार में मां दुर्गा की डोली यात्रा में अचानक मचा हड़कंप, कुत्ते ने 50 से अधिक लोगों को काटा

यह भी पढ़ें- West Champaran : एक दिन पहले फोन पर बताई थी दर्दभरी दास्तां, अगले दिन बिस्तर पर मिला विवाहिता का शव