Bihar News : सांवले रंग के कारण 10 बार ठुकराई गई बेटी ने मुजफ्फरपुर में दी जान
मुजफ्फरपुर के गायघाट में 22 वर्षीय अंशु कुमारी ने शादी के लिए 10 से अधिक बार ठुकराए जाने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपने सांवले रंग के कार ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)
HighLights
मुजफ्फरपुर में 22 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या।
सांवले रंग के कारण शादी के लिए ठुकराई गई थी।
10 से अधिक बार रिश्ते हुए थे अस्वीकृत।
संवाद सहयोगी, गायघाट (मुजफ्फरपुर) । कहा जाता है कि किसी की सूरत नहीं, सीरत महत्वपूर्ण होती है। इसका मतलब है कि चेहरे की सुंदरता कुछ समय के लिए ही अच्छी लगती है। अच्छे गुण और स्वभाव हमेशा खुशियां देते हैं, किंतु यथार्थवादी दुनिया में भी यह विचारों तक सीमित है।
अगर रूप नहीं, गुण का सम्मान होता, तो 10 से अधिक बार शादी के लिए रिश्तों से ठुकराई गई सांवली बेटी को फंदे से लटककर जान नहीं देनी पड़ती।
दिल को झकझोर देने वाली यह घटना मुजफ्फरपुर जिले गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव की है, जहां बुधवार सुबह युवती का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।
वह गांव के पीतांबर कुमार की पुत्री अंशू कुमारी (22 वर्ष) थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि पिछले तीन वर्षों से बेटी की शादी के लिए वह सुयोग्य वर की तलाश कर रहे थे।
अब तक 10 से अधिक परिवार के लोग अंशू को देखने आ चुके थे, लेकिन कहीं भी रिश्ता तय नहीं हो सका। बुधवार को भी एक परिवार के लोग उसे देखने आने वाले थे।
स्वजन के अनुसार, अंशू अपने सांवले रंग के कारण काफी चिंतित रहती थी। उसे लगता था कि इसी वजह से उसकी शादी तय नहीं हो पा रही है।
मंगलवार रात वह बिना खाना खाए अपने कमरे में सोने चली गई। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने खिड़की से झांककर देखा।
अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे उसका शव लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची गायघाट थाना पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले में लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
- देखने वालों ने 10 बार ठुकराया तो सांवली बेटी ने लगा ली फांसी
- गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर की घटना, परिवार में मचा कोहराम
- एकबार फिर आने वाले थे लड़के वाले, इससे पूर्व फंदे से लटका मिला शव