विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में स्मार्ट मीटर से ₹1000 तक कटा डिफरमेंट चार्ज, बिजली कार्यालयों पर हंगामा

Published: Mon, 28 Sep 2026 01:46 PM (GMT+05:30)

Muzaffarpur Smart Meter Recharge Problem: मुजफ्फरपुर में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को डिफरमेंट चार्ज और रिचार्ज संबंधी समस्याओं का सामना करना ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में स्मार्ट मीटर से डिफरमेंट चार्ज कटने से लोग परेशान। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मुजफ्फरपुर में स्मार्ट मीटर से डिफरमेंट चार्ज कटने से लोग परेशान। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. स्मार्ट मीटर से ₹200-₹1000 तक डिफरमेंट चार्ज कटने से उपभोक्ता परेशान।

  2. रिचार्ज में तकनीकी समस्या, ₹500 पर ₹1000 कटौती का विकल्प दिखा।

  3. उपभोक्ताओं ने बिजली कार्यालयों में पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया।

गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Smart Meter Recharge Problem: जिले में सितंबर महीने का बिजली बिल बनते ही उपभोक्ताओं की परेशानियां अचानक काफी बढ़ गई हैं।

बिल जारी होते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के खातों से डिफरमेंट चार्ज कटने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस गड़बड़ी का विरोध करने सोमवार को सैकड़ों उपभोक्ता तिलक मैदान, माड़ीपुर, रामदयालुनगर, मुशहरी और बेला स्थित बिजली कार्यालयों पहुंचे।

खाते से कटी राशि

उपभोक्ताओं के अनुसार उनके खाते से 200 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की राशि माइनस में चली गई है। अचानक बैलेंस माइनस में जाने से कई उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

विरोध दर्ज कराने के बाद विभाग ने पर्यवेक्षक भेजकर मीटर जांच और सुधार कर आपूर्ति बहाल कराई।

रिचार्ज में भारी तकनीकी समस्या

सोमवार सुबह से दोपहर तक उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर रिचार्ज करने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 500 रुपये का रिचार्ज करने पर सिस्टम अपने आप 1000 रुपये कटौती का विकल्प दिखा रहा था। इस तकनीकी खामी से पैसे फंसने और बिजली कटने का दोहरा संकट पैदा हो गया।

सॉफ्टवेयर में देरी से अपडेट

पूर्व में हुए हंगामे के बावजूद बिजली विभाग डिफरमेंट चार्ज काटने से पहले कोई पूर्व सूचना या संदेश नहीं दे रहा है। इसके अलावा नया सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद भी कटी हुई राशि 12 से 24 घंटे बाद ऐप में दिखाई देती है। उपभोक्ताओं ने इस पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

क्या है डिफरमेंट चार्ज?

स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने से पहले का पुराना बकाया, जो उपभोक्ता से एक साथ न लेकर आसान किस्तों में लिया जाता है, उसे डिफरमेंट चार्ज (स्थगित शुल्क) कहते हैं।

जब सामान्य मीटर को हटाकर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाया जाता है, तब तक का पिछला बिजली बिल (एरियर) बाकी रहता है। विभाग इस बकाये को हर महीने या दैनिक आधार पर छोटे-छोटे हिस्सों में रिचार्ज राशि से अपने आप काट लेता है।

बिना किसी पूर्व मैसेज या जानकारी के अचानक बड़ी राशि (200 से 1000 रुपये तक) काट लिए जाने से स्मार्ट मीटर का बैलेंस माइनस में चला जाता है और अचानक बिजली कट जाती है। 

यह भी पढ़ें- स्मार्ट मीटर में बार बार डिफरमेंट चार्ज कटने से हैं परेशान तो ऐसे घर बैठे बढ़ाएं बिजली लोड