मुजफ्फरपुर में सादपुरा ROB के निर्माण का रास्ता साफ, 99 रैयतों से ली जाएगी जमीन, जाम से राहत
Muzaffarpur Sadpura ROB: मुजफ्फरपुर के सादपुरा में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का रास्ता एक साल की अड़चन के बाद साफ ...और पढ़ें

भूमि अधिग्रहण की अड़चन के कारण यह परियोजना करीब सालभर से ठंडे बस्ते में पड़ी हुई थी। फोटो : जागरण
HighLights
सादपुरा आरओबी निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया।
99 रैयतों की जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी।
परियोजना से मुजफ्फरपुर को भीषण जाम से मिलेगी मुक्ति।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Sadpura Railway Overbridge: मुजफ्फरपुर शहर के सादपुरा में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का रास्ता अब साफ होता दिख रहा है।
भूमि अधिग्रहण की अड़चन के कारण यह परियोजना करीब सालभर से ठंडे बस्ते में पड़ी हुई थी। अब जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रारंभिक अधिसूचना का आधिकारिक प्रकाशन कर दिया है।
99 रैयतों की जमीन अधिग्रहित
सादपुरा में वार्ड-31 और 32 में कुल 99 रैयतों की जमीन अधिग्रहित कर आरओबी का निर्माण किया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार वार्ड-31 में 66 रैयतों से 1.1662 एकड़ जमीन ली जाएगी। वहीं वार्ड-32 में 33 रैयतों से 0.1459 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
खरीद-बिक्री पर लगी रोक
प्रशासन ने भू-धारियों के नाम, रकबा, खाता-खेसरा और जमीन की किस्म का ब्योरा प्रकाशित कर दिया है। इसके साथ ही प्रभावित इलाके में जमीन की खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। अगले 60 दिनों तक रैयत जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के कार्यालय में दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
सामाजिक प्रभाव का आकलन
अधिग्रहित की जाने वाली अधिकांश जमीन व्यावसायिक और दो-फसला किस्म की है। पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता ने बताया कि अब परियोजना का सामाजिक प्रभाव आकलन कराया जाएगा। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
48 करोड़ लागत का अनुमान
आरओबी निर्माण के लिए करीब सालभर पहले ही प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी थी। परियोजना पर लगभग 48 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, हालांकि देरी के कारण लागत बढ़ सकती है। पूर्व में स्थानीय लोगों ने मकान व दुकान टूटने की आशंका जताते हुए इसका विरोध किया था।
जाम से मिलेगी मुक्ति
इस रेलमार्ग से रोजाना 100 से अधिक यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। हर 5 से 7 मिनट के अंतराल पर रेलवे फाटक बंद होने से लोगों को भीषण जाम झेलना पड़ता है। आरओबी बनने से स्थानीय लोगों को जाम से स्थायी निजात मिल सकेगी।
अन्य प्रस्तावित आरओबी
इसके अलावा रामदयालु और शेरपुर में भी आरओबी निर्माण प्रस्तावित है। पुरानी मोतिहारी रोड, बीबीगंज, सबहा चौक, दिघरा, मस्जिद चौक और कनोजरघाट के पास भी आरओबी बनाए जाने हैं। वहीं बलिया-रमचंदरा समपार फाटक के पास आरयूबी का निर्माण किया जाएगा।
