विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Muzaffarpur PG Admissions: कॉलेजों की मनमानी से छात्र परेशान, सीटें छिपाकर हो रही बैकडोर एंट्री!

Updated: Sat, 11 Apr 2026 10:17 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में पीजी ऑनस्पॉट नामांकन प्रक्रिया में कॉलेजों की मनमानी सामने आई है। विश्वविद्यालय द्वारा सीटें बढ़ाने के बावजूद कॉलेज कई विषयों में सीटें छिपा रहे हैं और छात्रों को लौटा रहे हैं।

BRA बिहार विश्वविद्यालय। फाइल फोटो

BRA बिहार विश्वविद्यालय। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRA बिहार विश्वविद्यालय में पीजी की ऑनस्पॉट नामांकन की प्रक्रिया में कॉलेजों की मनमानी खुलेआम सामने आ रही है। विश्वविद्यालय की ओर से तीन विषयों में पीजी की सीटों में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी करने के बाद भी कॉलेज कई विषयों में सीटें छुपा रहे हैं।

नामांकन के लिए महाविद्यालय में पहुंचने वाले विद्यार्थियों को यह कहते हुए लौटाया जा रहा है कि सीटें खाली नहीं हैं। एलएस कॉलेज में जूलाजी, हिंदी समेत अन्य विषयों में नामांकन के लिए पहुंचने पर लौटाए जाने के बाद विद्यार्थियों ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत की।

कॉलेजों में नामांकन गुपचुप तरीके से लिया जा रहा है। कई महाविद्यालयों में कर्मचारियों के माध्यम से बैकडोर से आवेदन प्राप्त कराया जा रहा है।

जब छात्र-छात्राएं संबंधित विषयों में नामांकन के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं तो नामांकन प्रभारी या आवेदन प्राप्त करने वाले कर्मचारी उन्हें नहीं मिल रहे। वे किसी दूसरे कार्यालय या विभाग में जाकर बैठ जाते हैं।

इस बीच पैरवी वाले विद्यार्थियों का ही आवेदन स्वीकार किया जाता है। छात्र-छात्राओं ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश को महाविद्यालय नहीं मान रहे है।

जानकारी नहीं हो रही सार्वजनिक

छात्रा आरती कुमारी ने कहा कि कॉलेजों ने विषयवार रिक्ति जारी नहीं की है। इससे किस विषय में कितनी सीटें खाली हैं। इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं हो रही है।

इसका फायदा बिचौलिया और पैरवी वाले लोग उठा रहे हैं। 15 हजार और इससे अधिक की राशि पर नामांकन कराने का आफर दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत मेरिट लिस्ट बनाकर ही नामांकन कराए जाने का निर्देश दिया गया था।

कई कॉलेजों ने इतिहास, जूलाजी, मनोविज्ञान समेत अन्य विषयों में सीटें रिक्त नहीं होने के कारण आवेदन पर रोक लगाते हुए इसकी अधिसूचना जारी कर दी थी।

वहीं, कई कॉलेजों में केवल दो दिनों तक ही नामांकन की प्रक्रिया होगी। कई छात्र-छात्राओं ने कहा कि कॉलेजों में पहुंचने पर कहा जा रहा है कि अगर पैरवी है तभी नामांकन होगा।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के तहत शनिवार तक ही आनस्पाट नामांकन की प्रक्रिया होनी है। डीएसडब्ल्यू डा. आलोक प्रताप सिंह ने कहा कि तीन विषयों में सीटों में बढ़ोतरी की गई है। कॉलेजों को इसी आधार पर नामांकन लेना है।

इन महाविद्यालयों में बढ़ाई गई पीजी की सीटें

कॉलेज का नाम विषय रिक्त सीटें
जूलॉजी (Zoology)
एमडीडीएम कॉलेज जूलॉजी 8
आरडीएस कॉलेज जूलॉजी 8
एलएस कॉलेज जूलॉजी 8
मनोविज्ञान (Psychology)
एमडीडीएम कॉलेज मनोविज्ञान 13
आरडीएस कॉलेज मनोविज्ञान 13
एलएस कॉलेज मनोविज्ञान 13
आरबीबीएम कॉलेज मनोविज्ञान 13
आरएन कॉलेज, हाजीपुर मनोविज्ञान 13
एमएस कॉलेज, मोतिहारी मनोविज्ञान 8
आरएलएसवाई कॉलेज, बेतिया मनोविज्ञान 13

कुल रिक्त सीटें:
• जूलॉजी — 24 सीटें
• मनोविज्ञान — 76 सीटें
ग्रैंड टोटल: 100 सीटें

हिंदी के लिए 10 प्रतिशत सीटों में बढ़ोतरी की स्वीकृति

  • एमडीडीएम कॉलेज
  • आरडीएस कॉलेज
  • एलएस कॉलेज
  • आरबीबीएम कॉलेज
  • आरएन कॉलेज हाजीपुर
  • एमएस कॉलेज मोतिहारी
  • आरएलएसवाई कॉलेज बेतिया