मुजफ्फरपुर में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त
उत्पाद विभाग ने मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह थाना क्षेत्रों से 10 धंधेबाजों को ...और पढ़ें

शराब के साथ गिरफ्तार धंधेबाजों के साथ उत्पाद विभाग की टीम। फोटो सौ. उत्पाद
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Liquor Smuggling: उत्पाद विभाग की टीम ने मुजफ्फरपुर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है।
नगर समेत छह थाना क्षेत्रों में हुई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी में इस्तेमाल बाइक और ई-रिक्शा भी जब्त किए गए हैं।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नगर, पारू, जैतपुर, मीनापुर, सकरा और सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ के बाद उनके विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया। इसके बाद गुरुवार को सभी को जेल भेज दिया गया।
आम बगान में छापेमारी
सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु सिंह के साथ उत्पाद विभाग की टीम ने जैतपुर में आम के बगान में छापेमारी की। यहां से करीब 18 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से पारू के राजेश कुमार और नीतिश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पारू में उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप कार्रवाई की गई। यहां 15 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ बाइक सवार चंदन कुमार और मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। शराब के साथ बाइक भी जब्त की गई।
ई रिक्शा में मिली शराब
नगर थाना क्षेत्र के घिरनी पोखर में भी उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की। यहां से 50 लीटर देसी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी में इस्तेमाल ई-रिक्शा को जब्त करते हुए सकरा के अमित कुमार और लकड़ीढाई के चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
सदर थाना क्षेत्र के नारायणपुर पताही से कृष्ण पासवान को 10 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं, मीनापुर के गंज बाजार से सोनू कुमार और संतोष कुमार को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपित भेजे गए जेल
उत्पाद विभाग के अनुसार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब तस्करी की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपितों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
पूछताछ पूरी करने के बाद सभी 10 आरोपितों को गुरुवार को जेल भेज दिया गया। उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- पूर्णिया में नशे के कारोबार पर बड़ा एक्शन! 7170 नशीली टैबलेट-सिरप और शराब जब्त, पिता-पुत्र समेत 5 गिरफ्तार
