घर बना शराब का अड्डा, गली बनी गोदाम, मुजफ्फरपुर में खुला तस्करी का खेल
उत्पाद विभाग ने मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर घर से चल रहे शराब के धंधे का भंडाफोड़ किया। टीम ने 51 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त कर एक धंधेबाज को गिरफ्तार क ...और पढ़ें

जब्त शराब और धंधेबाज के साथ उत्पाद विभाग के अधिकारी। सौजन्य -उत्पाद विभाग
HighLights
मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया।
एक घर से 51 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त, धंधेबाज गिरफ्तार।
मुशहरी से 9 कार्टन लावारिस शराब भी बरामद की गई।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । घर से ही शराब का धंधा चल रहा था और पीछे की गली में शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हत्था ओपी क्षेत्र के मूतलूपुर में छापेमारी की तो शराब तस्करी के इस नेटवर्क का खुलासा हुआ।
टीम ने मौके से 51 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मुशहरी थाना क्षेत्र के गुरमी आथर में लावारिस हालत में नौ कार्टन शराब बरामद की गई।
गुप्त सूचना पर पहुंची टीम
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि मूतलूपुर में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप स्टाक किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने वहां छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही इलाके में हलचल मच गई। टीम ने प्रकाश कुमार के घर की तलाशी ली।
पीछे की गली में छिपी थी 51 कार्टन शराब
तलाशी के दौरान घर के पीछे गली में छिपाकर रखी गई 51 कार्टन शराब बरामद हुई। जांच में शराब चंडीगढ़ निर्मित पाई गई। उत्पाद विभाग के अनुसार गिरफ्तार धंधेबाज घर से ही शराब खरीदने और बेचने का काम करता था। हाल में ही उसने शराब की यह बड़ी खेप मंगाई थी।
आसपास के इलाकों में होती थी सप्लाई
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार धंधेबाज आसपास के विभिन्न इलाकों में शराब की आपूर्ति करता था। उत्पाद विभाग को उसके गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। इनमें कई लोग उसी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
खबरें और भी
लावारिस हालत में मिली नौ कार्टन शराब
उत्पाद विभाग ने दूसरी कार्रवाई मुशहरी थाना क्षेत्र के गुरमी आथर में की। यहां टीम को लावारिस हालत में रायल स्टैग ब्रांड की नौ कार्टन अंग्रेजी शराब मिली। शराब को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में स्थानीय धंधेबाजों के नाम सामने आए हैं। विभाग की टीम इनकी संलिप्तता का सत्यापन कर रही है।
नेटवर्क खंगालने में जुटा विभाग
उत्पाद विभाग अब बरामद शराब की खेप के स्रोत और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शराब के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।