Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में चक्कर चौक के पास बुलेट सवार डाॅक्टर की मौत, सड़क पर बिखरी गिट्टी बनी वजह

    By Keshav KumarEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Mon, 10 Aug 2026 12:29 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर के चक्कर चौक पर सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री के कारण एक बुलेट सवार चिकित्सक डॉ. शशांक की दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों ने नाला निर्माण क ...और पढ़ें

    डा. शशांक की फाइल फोटो।

    डा. शशांक की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. मुजफ्फरपुर में सड़क दुर्घटना में चिकित्सक डॉ. शशांक की मौत।

    2. नाला निर्माण की बिखरी सामग्री बनी हादसे की वजह।

    3. परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री कितनी जानलेवा साबित हो सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण सोमवार को चक्कर चौक के समीप देखने को मिला।

    काम से लौट रहे वैशाली के चिकित्सक डा. शशांक की बुलेट सड़क पर बिखरी गिट्टी-बालू के कारण अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने सड़क पर नाला निर्माण करा रहे ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

    बुलेट से लौट रहे थे चिकित्सक

    मृतक की पहचान वैशाली जिले के जैतीपुर गांव निवासी डा. शशांक के रूप में हुई है। बताया गया कि वे सोमवार को किसी कार्य से निकले थे। काम समाप्त करने के बाद बुलेट बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चक्कर चौक के पास हादसा हो गया।

    सड़क पर बिखरी थी गिट्टी-बालू

    चक्कर चौक के पास नाला निर्माण का काम चल रहा है। स्थानीय लोगों और स्वजन का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया था। मुख्य सड़क पर ही गिट्टी और बालू का ढेर लगा दिया गया था। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी।

    न बैरिकेडिंग, न रिफ्लेक्टर

    परिजनों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी और न ही रिफ्लेक्टर या चेतावनी संबंधी सांकेतिक बोर्ड लगाए गए थे। इसी दौरान बुलेट सवार चिकित्सक वहां पहुंचे और सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई।

    खबरें और भी

    हादसे के बाद मचा कोहराम

    हादसे में चिकित्सक की मौत की सूचना मिलते ही जैतीपुर गांव से उनके स्वजन और शुभचिंतक मौके पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्वजनों ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की कथित लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

    ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

    स्वजनों का कहना है कि यदि सड़क पर निर्माण सामग्री नहीं बिखेरी गई होती और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टल सकता था। उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    जांच में जुटी पुलिस

    घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर सामग्री रखे जाने के बिंदु की भी जांच होगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।