मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट पीएचसी में मिलेगी FREE डिजिटल एक्सरे की सुविधा, डीएम की पहल पर मंजूरी
Free Digital X-Ray Facility: मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट परिसर स्थित पीएचसी में जल्द ही मरीजों को मुफ्त डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। डीएम कुमार गौरव की ...और पढ़ें

लोक-निजी भागीदारी मोड के तहत डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित कर सेवा शुरू की जाएगी। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Civil Court PHC: सिविल कोर्ट परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में जल्द ही मरीजों को नि:शुल्क डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिलेगी।
इस स्वास्थ्य केंद्र में लोक-निजी भागीदारी (PPP) मोड के तहत डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित कर सेवा शुरू की जाएगी।
डीएम के अनुरोध पर मंजूरी
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कोर्ट परिसर के स्वास्थ्य केंद्र में यह व्यवस्था शुरू करने के लिए राज्य स्वास्थ्य समिति को पत्र लिखा था। डीएम के इस अनुरोध को सक्षम प्राधिकार द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
एजेंसी को समन्वय का निर्देश
राज्य स्वास्थ्य समिति ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया है कि वे पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी या प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक से तत्काल समन्वय स्थापित करें। एजेंसी को अविलंब मशीन स्थापित कर जांच सेवा शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
समय और पैसे की बचत
अस्पताल में ही डिजिटल एक्सरे की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। वर्तमान में एक्सरे कराने के लिए मरीजों को निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ता है।
सदर अस्पताल का घटेगा दबाव
इस नई सुविधा से अधिवक्ताओं, कोर्ट परिसर आने वाले फरियादियों और न्यायिक कर्मचारियों को सीधे तौर पर बड़ा लाभ मिलेगा। इसके शुरू होने से सदर अस्पताल के एक्सरे विभाग पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव भी काफी हद तक कम होगा।