मुजफ्फरपुर में सिटी पार्क में रील्स से लेकर ‘फेसबुक मीट’ तक विवाद, युवतियों ने लगाए गंभीर आरोप
मुजफ्फरपुर के सिटी पार्क में रील्स बनाने और 'फेसबुक मीट' के नाम पर दो अलग-अलग विवाद सामने आए हैं। युवक-युवतियों के साथ मारपीट और ठगी-अभद्र व्यवहार के ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर का सिटी पार्क।
HighLights
सिटी पार्क में रील्स बनाते समय मारपीट का आरोप।
'फेसबुक मीट' के नाम पर युवतियों से ठगी, अभद्र व्यवहार।
एक एसएसबी जवान पर भी गंभीर आरोप लगे हैं।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सिटी पार्क इन दिनों सैर-सपाटे से ज्यादा रील्स और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। रविवार को यहां दो अलग-अलग मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक मामले में रील्स बना रहे युवक-युवतियों के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया गया।
वहीं दूसरे मामले में यूपी और दिल्ली की युवतियों को फेसबुक मीट के नाम पर बुलाकर ठगी और अभद्र व्यवहार करने का आरोप सामने आया है। इस मामले में एसएसबी के एक जवान को आरोपित बताया गया है। दोनों मामलों को लेकर पुलिस से शिकायत की गई है।
रील्स बनाने के दौरान विवाद
सिटी पार्क में पूरे दिन रील्स बनाने वाले युवक-युवतियों की भीड़ लगी रहती है। रविवार को कुछ युवक-युवतियां पार्क में रील्स बना रहे थे। इसी दौरान एक युवक अपने कुछ सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने रील्स बना रहे लोगों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
मारपीट और हमले का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। घटना के बाद वे लोग नगर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। आवेदन में आरोपितों पर कार्रवाई के साथ सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। युवकों का कहना है कि आरोपितों की धमकी से वे लोग भयभीत हैं।
खबरें और भी
‘फेसबुक मीट’ के नाम पर युवतियों को बुलाने का आरोप
इधर, इंटरनेट मीडिया पर दूसरे मामले का एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। इसमें यूपी और दिल्ली की युवतियां फेसबुक मीट के नाम पर उन्हें सिटी पार्क बुलाने और फिर अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगा रही हैं। वीडियो में युवतियों ने ठगी का भी आरोप लगाया है।
मोबाइल पर भेजे गए आपत्तिजनक मैसेज
प्रसारित वीडियो में युवतियों का आरोप है कि उनके मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजे जाते हैं। उनके मोबाइल नंबर और आइडी से दूसरे लोगों को भी आपत्तिजनक मैसेज भेजे जाने की बात कही गई है। युवतियों ने इस मामले में पुलिस के वरीय अधिकारियों से मिलकर न्याय की मांग करने की बात कही है।
एसएसबी जवान पर आरोप
वीडियो में एक एसएसबी जवान को भी आरोपित बताया गया है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस से शिकायत किए जाने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।