Muzaffarpur News : थावे से पूजा कर लौट रहा परिवार, रास्ते में पिकअप की टक्कर में एक की मौत, चार लोग घायल
मुजफ्फरपुर में थावे मंदिर से लौट रहे परिवार के ऑटो को पिकअप ने टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े स्वजन।
HighLights
थावे मंदिर से लौट रहे परिवार का ऑटो दुर्घटनाग्रस्त।
तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक की मौत।
चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल, चालक फरार।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। थावे मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार के साथ घर लौटने की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई। सोमवार देर रात राजेपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से आटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मीनापुर लौट रहा था परिवार
मीनापुर थाना क्षेत्र के मुस्तफागंज के गंजबाजार निवासी एक ही परिवार के पांच लोग आटो से थावे स्थित मां भवानी के दर्शन करने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद सभी आटो से अपने घर लौट रहे थे। फुलवरिया गांव के समीप पहुंचते ही पीछे से तेज गति में आ रही पिकअप ने आटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से आटो के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में विरेंद्र कुमार समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। अवधेश समेत चार घायलों का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चालक वाहन समेत फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपा शव
एसकेएमसीएच ओपी पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विरेंद्र कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। मौत की खबर मिलते ही गंजबाजार इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया।
स्वजन के बयान पर होगी प्राथमिकी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के स्वजन का बयान दर्ज कर लिया गया है। बयान की मूल प्रति राजेपुर थाना भेजी जा रही है। इसके आधार पर अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
