बिहार में चलती जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में सांप दिखाकर यात्रियों से वसूली, छह सपेरे गिरफ्त में
Dighwara railway station : चलती जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों को सांप दिखाकर पैसे मांगने के आरोप में रेलवे सुरक्षा ...और पढ़ें

सांप के साथ पुलिस की गिरफ्त में सपेरे।
HighLights
जनसेवा एक्सप्रेस में यात्रियों से वसूली करते छह सपेरे गिरफ्तार।
आरपीएफ ने पांच जहरीले कोबरा और एक रेड सैंड बोआ सांप पकड़े।
सोनपुर रेल मंडल के दिघवारा में ऑपरेशन विनलिप के तहत कार्रवाई।
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। रेल यात्रियों को सांप दिखाकर पैसे मांगने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई की है। सोनपुर रेल मंडल के दिघवारा में 14618 जनसेवा एक्सप्रेस के साधारण कोच से छह सपेरों को पकड़ा है। उनके कब्जे से पांच विषैले कोबरा व एक रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया।
कार्रवाई आपरेशन विनलिप के तहत की गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुमन कुमारी के अनुसार वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सोनपुर आरपीएफ की टीम जनसेवा एक्सप्रेस में छपरा से मार्गरक्षण कर रही थी।
ट्रेन के साधारण कोच की जांच के दौरान छह लोग यात्रियों को सांप दिखा पैसे मांगते मिले। सांप रखने व इस तरह पैसा मांगने से संबंधित प्राधिकार पत्र मांगा तो किसी ने भी कोई वैध कागजात नहीं दिखाया। पूछताछ में सभी ने उत्तर प्रदेश का निवासी होने व यात्रियों को सांप दिखाकर ही जीविका चलाने की बात बताई।
इसके बाद आरपीएफ ने सांपों को कब्जे में लिया और सभी छह लोगों को ट्रेन के अगले ठहराव दिघवारा स्टेशन पर उतार लिया। पकड़े गए लोगों में लखनऊ का शिवम (20), सिकंदर नाथ (50) व बलमा नाथ (25), प्रयागराज का मूसेनाथ (24) तथा रायबरेली का अरवेशनाथ (29) व अखिलेश नाथ (34) शामिल है।
रेल एसपी बीणा कुमारी ने कहा कि त्योहारी मौसम में सांप दिखा पैसे मांगने वाले या मंगलामुखी तथा कई तरह के वेश में इन लोगों गतिविधि बढ़ जाती है। इसको लेकर मुजफ्फरपुर सहित रेल जिला के सभी थानाध्यक्षकों को अलर्ट कर कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
