मुजफ्फरपुर में लव ट्रायंगल: फरार प्रेमी से शादी के लिए थाने में हंगामा, पत्नी-बच्ची पहुंची तो मामला हुआ शांत
गायघाट थाना परिसर में प्रेम संबंध के एक मामले को लेकर लड़की पक्ष ने हंगामा किया, पुलिस पर फरार प्रेमी से शादी कराने का दबाव बनाया। ...और पढ़ें
-1779360763588_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, गायघाट। गायघाट थाना परिसर में बुधवार शाम को प्रेम संबंध के एक मामले को लेकर चार दर्जन से अधिक लोगों ने जमकर हंगामा किया। लड़की पक्ष के लोग पुलिस पर प्रेमी को बुलाकर शादी कराने का दबाव बना रहे थे।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात एक युवक अपने दोस्त के साथ एक लड़की से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने प्रेमी युगल पकड़ लिया।
मौके का फायदा उठाकर प्रेमी फरार हो गया, जबकि उसके दोस्त को लोगों ने पकड़कर बंधक बना लिया। बुधवार दोपहर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बंधक मुक्त कराकर थाना ले आई।
इसके बाद बड़ी संख्या में पहुंचे लड़की पक्ष के लोगों ने युवक को बुलाकर शादी कराने की मांग को लेकर थाना परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि लड़की ने इस वर्ष 10वीं कक्षा की परीक्षा दी है और उसकी उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है।
इसी बीच युवक की पत्नी अपनी एक वर्ष की बच्ची के साथ थाना पहुंच गई। पत्नी और बच्ची को देखकर लड़की पक्ष के लोगों का हंगामा शांत हो गया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।