Gaighat Firing Case: चोरनियां पहुंचे एसएसपी, मृतक के पिता हाथ पकड़कर रो पड़े
SSP Investigation Bihar: एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने गायघाट के चोरनियां गांव में हुए पुलिस गोलीकांड की जांच की। मृतक जगतवीर राय के पिता ने उनसे मिलक ...और पढ़ें

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा का हाथ पकड़ रोते जगतवीर के वृद्ध पिता l जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, गायघाट (मुजफ्फरपुर)। Gaighat Police Action: थाना क्षेत्र के बेरुआ पंचायत स्थित चोरनियां गांव में हुए पुलिस गोलीकांड की जांच के लिए शुक्रवार को एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे।
इस दौरान मृतक जगतवीर राय के 90 वर्षीय पिता गरीबनाथ राय एसएसपी का हाथ पकड़कर फूट-फूटकर रोने लगे। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे।
एसएसपी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की बारीकी से जानकारी ली।
जांच के दौरान एसएसपी उस स्थान पर भी पहुंचे, जहां पुलिस पाक्सो एक्ट के एक आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने गई थी। उन्होंने मौके पर मौजूद महिलाओं से बातचीत कर पुलिस पर लगे मारपीट के आरोपों के बारे में जानकारी जुटाई।
इस दौरान पूर्व विधायक निरंजन राय और राजद जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने एसएसपी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। निरंजन राय ने पुलिस पर लगाए गए हमले के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि घटना के समय वहां पांच से सात लोग ही मौजूद थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी राजा सिंह ने जानबूझकर 55 वर्षीय जगतवीर राय को गोली मारी, जबकि जिस आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस पहुंची थी, वह वर्षों से दिल्ली में रह रहा है।
एसएसपी ने कहा कि मामले की बिंदुवार जांच की जा रही है और एफएसएल टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।