विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर-ऋषिकेश से आनंद विहार-जोगबनी तक, दीपावली-छठ पर रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:18 PM (IST)

रेलवे ने दीपावली और छठ त्योहारों के लिए दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए कई ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

HighLights

  1. दीपावली-छठ के लिए रेलवे ने चलाईं कई स्पेशल ट्रेनें।

  2. ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर सहित कई रूटों पर सुविधा।

  3. त्योहारों में यात्रियों को घर लौटने में मिलेगी बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। दीपावली और छठ पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।

इससे दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। मुजफ्फरपुर से सीधे जुड़ने वाली योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल के अलावा आनंद विहार, दिल्ली, जोगबनी, सीतामढ़ी, पाटलिपुत्र और लौकहा बाजार के लिए भी विशेष ट्रेनों का परिचालन होगा।

ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर तक साप्ताहिक ट्रेन

योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन संख्या 04314/04313 दोनों दिशाओं में साप्ताहिक चलेगी। ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के लिए इसका परिचालन चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को होगा। वापसी में मुजफ्फरपुर से ऋषिकेश के लिए यह ट्रेन पांच अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में कुल नौ फेरे निर्धारित किए गए हैं।

आनंद विहार के लिए भी विशेष ट्रेन

आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन संख्या 04028/04027 का परिचालन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा। आनंद विहार से यह ट्रेन मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। वापसी में मुजफ्फरपुर से बुधवार और शनिवार को परिचालन होगा। इससे दिल्ली से मुजफ्फरपुर आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

जोगबनी रूट पर पांच फेरे

मुजफ्फरपुर क्षेत्र के यात्रियों को आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल ट्रेन से भी लाभ मिलेगा। ट्रेन संख्या 04008/04007 का परिचालन 10 अक्टूबर से सात नवंबर तक किया जाएगा। इस दौरान इसके पांच फेरे निर्धारित किए गए हैं।

दिल्ली-सीतामढ़ी के लिए छह फेरे

दिल्ली और सीतामढ़ी के बीच भी त्योहार विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 04010/04009 दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे लगाएगी। इससे सीतामढ़ी और आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली से आवागमन में सुविधा मिलेगी।

पाटलिपुत्र और लौकहा बाजार के लिए भी राहत

रेलवे ने आनंद विहार-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन संख्या 04096/04095 के भी बड़ी संख्या में फेरे निर्धारित किए हैं। इसका कुल 60 फेरे चलाने की योजना है। वहीं आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल ट्रेन संख्या 04014/04013 के 75 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से उत्तर बिहार के यात्रियों को त्योहार के समय दिल्ली से घर आने-जाने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

नियमित ट्रेनों पर घटेगा दबाव

दीपावली और छठ के दौरान बिहार आने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ जाती है। खासकर दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों से बिहार स्थित अपने घर लौटते हैं। रेलवे की ओर से अलग-अलग रूट पर अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को टिकट उपलब्ध होने के विकल्प बढ़ेंगे और लंबी दूरी की यात्रा कुछ हद तक आसान होने की उम्मीद है।